आसनसोल(ASANSOL): आसनसोल के जामुड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत चुरुलिया पुलिस फाड़ी इलाके में मोचीपाड़ा और फकीरपाड़ा के बीच हुई हिंसक झड़प और तृणमूल कांग्रेस कार्यालय समेत इलाके में हुई व्यापक तोड़फोड़ को लेकर भाजपा के राज्य स्तरीय नेता कृषनेन्दु मुखर्जी ने राज्य की तृणमूल सरकार पर तीखा हमला बोला है।
कृषनेन्दु मुखर्जी ने कहा कि चुरुलिया में सिर्फ तृणमूल कार्यालय ही नहीं, बल्कि तृणमूल के नेता और कार्यकर्ता भी इस हिंसा का शिकार हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा विवाद इलाके में स्थित कोयला खदान से अवैध रूप से कोयला चोरी को लेकर हुआ है।
भाजपा नेता के अनुसार, इलाके का एक पक्ष कोयला खदान से अवैध रूप से कोयला चोरी करना चाहता है, जबकि दूसरा पक्ष इसका विरोध कर रहा है। विरोध करने वाले लोगों का कहना है कि खदान से कोयला ढोने वाले भारी वाहनों के कारण इलाके की सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे आम लोगों का चलना-फिरना भी मुश्किल हो गया है।
इसी मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने खदान के सामने प्रदर्शन किया और खराब सड़कों के जल्द निर्माण की मांग उठाई। आरोप है कि इसके बाद कोयला चोरी से जुड़े गुट के लोग भड़क गए और दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई। इस दौरान इलाके में बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ की गई और तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय कार्यालय को भी निशाना बनाया गया, जिसमें कुछ तृणमूल कार्यकर्ता घायल हो गए।
कृषनेन्दु मुखर्जी ने आरोप लगाया कि इलाके में अवैध कोयला चोरी के विरोध के बाद पुलिस ने कुछ समय के लिए इस गतिविधि को बंद करवा दिया था। इसके बाद कोयला चोरी से जुड़े लोग तृणमूल कार्यालय पर दबाव बना रहे थे कि इस मामले में फैसला करवाया जाए। जब ऐसा नहीं हुआ, तो कथित तौर पर आक्रोशित लोगों ने तृणमूल कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ की और वहां मौजूद कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की।
भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि पहले तृणमूल के माध्यम से ही इलाके में अवैध कोयला चोरी का काम चल रहा था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अब स्थिति ऐसी हो गई है कि जिनके माध्यम से यह सब होता था, उन्हें ही मार खाना पड़ रहा है। यही आज पश्चिम बंगाल का भविष्य बन गया है।”
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी मनोरंजन मंडल के घर ईडी की छापेमारी और उन्हें ईडी कार्यालय में तलब किए जाने के बाद इलाके में अवैध कोयला चोरी पर रोक लगी है। ऐसे में अब कोयला चोरी से जुड़े लोग दोबारा इस धंधे को शुरू करने के लिए हिंसक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
NEWSANP के लिए अतिक रहमान की रिपोर्ट

