
फरवरी में 369 कांड दर्ज, 402 मामलों का निष्पादन
लंबित कांड घटकर पहली बार हुआ 1999, पिछले वर्ष के लंबित कांड 4300 के मुकाबके आई बड़ी कमी
आर्म्स एक्ट के मामलों में स्पीडी ट्रायल, पांच कांड में आरोपियों को मिली सजा
फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित, जीरो टॉलरेंस नीति पर जोर
ईद व रामनवमी को लेकर विशेष सतर्कता, भीड़भाड़ वाले इलाकों में बढ़ी सुरक्षा
ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के निर्देश, अब बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति के लिए भी हेलमेट अनिवार्य
धनबाद(DHANBAD): समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय सभागार में मंगलवार को फरवरी माह से संबंधित मासिक अपराध समीक्षा बैठक वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा समेत जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान जिले में अपराध की वर्तमान स्थिति, कानून व्यवस्था, दर्ज कांडों के निष्पादन, लंबित मामलों की प्रगति तथा विभागीय कार्यों की समीक्षा विस्तार से की गई। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि फरवरी माह में जिले भर में कुल 369 कांड दर्ज किए गए, जबकि इसी अवधि में 402 लंबित कांडों का सफल निष्पादन किया गया। इस प्रकार दर्ज मामलों से अधिक कांडों का निष्पादन कर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी से कार्रवाई के परिणामस्वरूप जिले में लंबित मामलों की संख्या में भी उल्लेखनीय कमी आई है। पहली बार लंबित कांडों की संख्या घटकर 1999 रह गई है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या करीब 4300 थी। पुलिस अधिकारियों ने इसे अपराध अनुसंधान और निष्पादन की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया।
बैठक में आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि पूर्व से लंबित 85 मामलों का स्पीडी ट्रायल कराया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप फरवरी माह में आर्म्स एक्ट के पांच मामलों में आरोपियों को माननीय न्यायालय द्वारा सजा सुनाई गई है। शेष मामलों की सुनवाई भी तेजी से जारी है।
एसएसपी ने लंबित वारंट के निष्पादन को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को मार्च माह के दौरान कम से कम 50 प्रतिशत लंबित वारंटों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करते हुए फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ऐसे अपराधियों की लगातार तलाश कर रही है और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी प्रभात कुमार ने अपराध से जुड़े लोगों से समाज की मुख्यधारा में लौटने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि जो लोग अपराध की काली दुनिया को छोड़कर कानून की शरण में आना चाहते हैं, उनके साथ मानवीय व्यवहार किया जाएगा और उन्हें कानून के दायरे में उचित सहयोग दिया जाएगा।
बैठक में जमीन दलालों और भू-माफियाओं के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सभी थाना प्रभारियों को ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज करने को कहा गया है।
आगामी ईद और रामनवमी पर्व को देखते हुए जिले में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रिवेंटिव एक्शन लेने तथा कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और मॉल में सुरक्षा व्यवस्था को अधिक मजबूत करने तथा गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। पश्चिम बंगाल वेस्ट जोन के एडीजी के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर दोनों राज्यों के बीच अपराधियों की सूची का आदान-प्रदान किया गया है। इसके आधार पर संदिग्ध अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और जल्द ही सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष चेक पोस्ट भी स्थापित किए जाएंगे।
बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने पर भी विस्तृत चर्चा हुई। एसएसपी महोदय ने ट्रैफिक पुलिस को फैंसी नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही दोपहिया वाहनों पर चालक के साथ पीछे बैठे व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा।
इसके अलावा जिले में वाहन चोरी की घटनाओं में कमी आने की भी जानकारी दी गई। पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह से जुड़े कुछ लोगों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

