T20 World Cup Final Result: भारत तीसरी बार बना वर्ल्ड चैंपियन, 96 रन से न्यूजीलैंड को हराया…

T20 World Cup Final Result: भारत तीसरी बार बना वर्ल्ड चैंपियन, 96 रन से न्यूजीलैंड को हराया…

DESK: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब टीम इंडिया ने अपने नाम कर लिया है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया.

फाइनल मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन किया और 20 ओवरों में 256 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए कीवी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा.

256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी. लगातार विकेट गिरने के कारण कीवी टीम पूरी तरह दबाव में आ गई और 159 रन पर ही सिमट गई. इस तरह भारत ने फाइनल में 96 रनों से बड़ी जीत दर्ज कर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया.

कैसा रहा न्यूजीलैंड का पावरप्ले?
256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम को पावरप्ले में ही भारतीय गेंदबाजों ने दबाव में ला दिया. पहले ओवर में अर्शदीप सिंह ने बेहद कसी हुई गेंदबाजी करते हुए सिर्फ चार रन दिए. इस दौरान फिन एलन तीन गेंदों में तीन रन बनाकर क्रीज पर थे, जबकि टिम सीफर्ट ने अपना खाता भी नहीं खोला था. दूसरा ओवर हार्दिक पांड्या लेकर आए और इस ओवर में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने तेजी से रन बटोरे. कीवी टीम ने इस ओवर में 21 रन जुटाए. दो ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर बिना किसी नुकसान के 25 रन था. इस समय टिम सीफर्ट आठ गेंदों में 20 रन बनाकर आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे, जबकि फिन एलन चार गेंदों में चार रन पर थे.

तीसरे ओवर में भारत को पहली सफलता मिली. अक्षर पटेल ने फिन एलन को आउट कर न्यूजीलैंड को पहला झटका दिया. एलन सात गेंदों में 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे और टीम का स्कोर 31 रन पर पहला विकेट हो गया. इसके बाद चौथे ओवर में जसप्रीत बुमराह ने रचिन रवींद्र को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई. रवींद्र दो गेंदों में सिर्फ एक रन ही बना सके. चार ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर दो विकेट पर 36 रन था.

पांचवें ओवर में न्यूजीलैंड को तीसरा झटका लगा. एक बार फिर अक्षर पटेल ने कमाल करते हुए ग्लेन फिलिप्स को आउट कर दिया. फिलिप्स पांच गेंदों में पांच रन बनाकर पवेलियन लौटे. पावरप्ले के आखिरी ओवर में बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ पांच रन खर्च किए. छह ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 52 रन रहा.

पावरप्ले में भारत ने उड़या धुंआ 
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने पावरप्ले में ही मैच का रुख तय कर दिया. ओपनर अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने शुरुआत से ही न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाना शुरू कर दिया. दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए हर ओवर में बड़े शॉट लगाए और टीम को तेज शुरुआत दिलाई.

खास तौर पर चौथे ओवर में लॉकी फर्ग्यूसन की गेंदबाजी पर भारतीय बल्लेबाजों ने जमकर रन बटोरे और एक ही ओवर में 24 रन ठोक दिए. इसके बाद अभिषेक शर्मा ने अपनी बल्लेबाजी का गियर और तेज किया और महज 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड के गेंदबाज पूरी तरह दबाव में नजर आए. पावरप्ले के छह ओवर खत्म होने तक भारत का स्कोर 92 रन तक पहुंच चुका था. जो किसी भी टी20 फाइनल के लिहाज से बेहद धमाकेदार शुरुआत मानी जाती है. 

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *