आसनसोल(ASANSOL): आसनसोल के बराबनी विधानसभा क्षेत्र के गोरांडी इलाके में भाजपा की परिवर्तन रथ यात्रा पर हुए हमले को लेकर भाजपा के राज्य स्तरीय नेता कृषनेन्दु मुखर्जी ने तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इस घटना के लिए तृणमूल कार्यकर्ताओं के साथ-साथ पुलिस को भी जिम्मेदार ठहराया है।
कृषनेन्दु मुखर्जी ने एक वीडियो जारी कर कहा कि पूरे पश्चिम बंगाल में गुरुवार को एक साथ 9 जगहों से भाजपा की परिवर्तन रथ यात्रा निकाली गई है, जिसे 10 मार्च तक पूरा किया जाना है। हालांकि इस यात्रा की शुरुआत 1 मार्च से ही हो चुकी थी, लेकिन गुरुवार से इसे और तेज़ी दी गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बुधवार देर शाम कूचबिहार में भी परिवर्तन रथ यात्रा पर तृणमूल कार्यकर्ताओं द्वारा हमला किया गया, जिसमें यात्रा में शामिल कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। इसके बाद गुरुवार को बिरभूम में भी इसी तरह की घटना सामने आई, जहां परिवर्तन रथ यात्रा पर हमला किया गया।
कृषनेन्दु मुखर्जी ने कहा कि इसके तुरंत बाद आसनसोल के गोरांडी इलाके में भी तृणमूल कार्यकर्ताओं ने परिवर्तन रथ यात्रा को निशाना बनाया। इस हमले में करीब 10 वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई और मौके पर मौजूद एएसपी रैंक के अधिकारी मूकदर्शक बने रहे।
भाजपा नेता ने कहा कि परिवर्तन रथ यात्रा पहले से प्रस्तावित थी और उसका पूरा रूट मैप तैयार था, जिसकी जानकारी केवल पुलिस प्रशासन को दी गई थी। ऐसे में पुलिस की मौजूदगी में यात्रा पर हमला होना एक बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है।
उन्होंने कहा कि कूचबिहार, बिरभूम और आसनसोल में हुई घटनाएं उसी साजिश का हिस्सा हैं। हालांकि भाजपा को आगे की योजनाओं की जानकारी नहीं है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आह्वान पर शुरू की गई इस परिवर्तन यात्रा को भाजपा कार्यकर्ता हर हाल में पूरा करेंगे।
NEWSANP के लिए अतिक रहमान की रिपोर्ट

