परिवर्तन यात्रा में ममता सरकार पर बरसीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, लगाए कई गंभीर आरोप…

परिवर्तन यात्रा में ममता सरकार पर बरसीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, लगाए कई गंभीर आरोप…

आसनसोल(WEST BENGAL): आसनसोल के कुलटी विधानसभा क्षेत्र के चिनाकुड़ी इलाके में रविवार को भाजपा द्वारा आयोजित परिवर्तन सभा में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने शिरकत की। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला और राज्य में परिवर्तन लाने का दावा किया।

सभा में उमड़ी भीड़ का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि “कुलटी विधानसभा में जिस प्रकार जनसैलाब उमड़ा है, वह इस बात का संकेत है कि बंगाल की जनता इस बार परिवर्तन चाहती है और भारी मतों से भाजपा की सरकार बनाने का मन बना चुकी है।”

अन्नपूर्णा देवी ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में राज्य में भ्रष्टाचार और कुशासन बढ़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा भेजे गए विकास कार्यों के लिए धन का दुरुपयोग किया जा रहा है तथा कई केंद्रीय योजनाओं के नाम बदलकर उन्हें प्रस्तुत किया जा रहा है। साथ ही कुछ लाभकारी योजनाओं को राज्य में लागू नहीं होने दिया जा रहा, जिससे जनता वंचित रह रही है।

उन्होंने राज्य के युवाओं की स्थिति पर भी चिंता जताई। उनके अनुसार, युवाओं को रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है और “प्रतिभा के बजाय पैसे के आधार पर नौकरी दिए जाने” के आरोप भी उन्होंने लगाए। मंत्री ने कहा कि इससे जनता का राज्य सरकार से विश्वास उठता जा रहा है।

सभा में उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर गंभीर नहीं है, जिससे स्थानीय लोगों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बंगाल की जनता अब इस स्थिति को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं है और आने वाले चुनाव में बदलाव निश्चित है।
कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभा के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने परिवर्तन के समर्थन में नारे भी लगाए।

NEWSANP के लिए अतिक रहमान की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *