झारखंड(JHARKHAND): रांची समेत पूरे झारखंड में मौसम अब करवट लेने वाला है। फिलहाल दिन में धूप और सुबह-शाम हल्की ठंड का मिला-जुला असर दिख रहा है, लेकिन शनिवार से कई जिलों में आंशिक बादल छाने के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि बादलों की वजह से अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। यानी दिन की गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
दो दिन बादल, फिर साफ होगा आसमान
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक शनिवार और रविवार को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आसमान में बादल दिखेंगे। हालांकि यह पूरी तरह से बदला हुआ मौसम नहीं होगा, लेकिन धूप थोड़ी कम रहेगी। सोमवार से मौसम दोबारा साफ होने की संभावना जताई गई है। अगर सब कुछ सामान्य रहा तो अगले हफ्ते की शुरुआत खुली धूप के साथ होगी।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम में यह बदलाव यूं ही नहीं हो रहा। पश्चिमी राजस्थान और पाकिस्तान के आसपास एक निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इसके साथ पश्चिमी विक्षोभ भी बना हुआ है, जो धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। इसका असर झारखंड समेत देश के कई हिस्सों में दिख रहा है। इसी वजह से बादलों की आवाजाही बढ़ी है और तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है।
कहां कितना रहा तापमान
पिछले 24 घंटों की बात करें तो चाईबासा में सबसे ज्यादा 33 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं लोहरदगा में पारा गिरकर 9.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। शुक्रवार को राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री और न्यूनतम 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 31.7 डिग्री और न्यूनतम 14.6 डिग्री रहा। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बोकारो में अधिकतम 32.5 डिग्री और न्यूनतम 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सुबह ठंड, दोपहर में राहत
शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में दिनभर मौसम साफ रहा। हल्की हवा चलने से दोपहर में ज्यादा गर्मी महसूस नहीं हुई। सुबह के समय हल्की ठंड का असर बना रहा। यही वजह है कि लोग अभी भी सुबह-शाम हल्का गर्म कपड़ा पहनते नजर आ रहे हैं।
क्या करें लोग
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम बदलता रहेगा, इसलिए सेहत को लेकर लापरवाही न करें। सुबह-शाम ठंड और दिन में हल्की गर्मी के इस दौर में सर्दी-जुकाम की शिकायत बढ़ सकती है। ऐसे में जरूरी है कि बदलते मौसम के हिसाब से कपड़े पहनें और सावधानी बरतें।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

