धनबाद(DHANBAD): धनबाद नगर निगम चुनाव को लेकर शहर में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है. इसी क्रम में महापौर पद के प्रत्याशी अमित कुमार अग्रवाल ने झारखंड किन्नर समाज की झारखंड प्रदेश अध्यक्ष छम-छम देवी तथा श्वेता किन्नर से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया. इस अवसर पर किन्नर समाज की ओर से महापौर प्रत्याशी को शुभकामनाएं दी गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.
मौके पर झारखंड किन्नर समाज की प्रदेश सचिव एवं झारखंड की पूर्व वोट प्रचारक श्वेता किन्नर भी मौजूद रहीं. उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि धनबाद नगर निगम क्षेत्र के सभी मतदाता आगामी चुनाव में महापौर प्रत्याशी अमित कुमार अग्रवाल के पक्ष में क्रमांक संख्या 1 चुनाव चिन्ह एयर कंडीशनर पर बटन दबाकर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं. श्वेता किन्नर ने कहा कि नगर निगम चुनाव केवल व्यक्ति चुनने का नहीं बल्कि शहर के भविष्य को तय करने का चुनाव है, इसलिए सभी मतदाता सोच-समझकर अपने मत का प्रयोग करें.
श्वेता किन्नर ने अपने संबोधन में कहा कि धनबाद जैसे बड़े शहर को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है जो जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुने और समाधान के लिए लगातार प्रयास करे. उन्होंने कहा कि जनता को यह संदेश देना चाहती हूं कि महापौर प्रत्याशी को चुनने से पहले एक बार जरूर विचार करें और ऐसे उम्मीदवार को मौका दें जो समाज के प्रति निष्ठापूर्वक कार्य करने का संकल्प रखता हो. उन्होंने यह भी कहा कि धनबाद शहर में आज भी कई बुनियादी समस्याएं हैं, जिनका समाधान होना अत्यंत आवश्यक है.
उन्होंने आगे कहा कि धनबाद में शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी, सड़क, स्ट्रीट लाइट, नाली, सफाई व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर आम जनता लंबे समय से परेशान है. कई इलाकों में सड़कों की स्थिति खराब है, जगह-जगह जलजमाव की समस्या बनी रहती है, स्ट्रीट लाइट बंद रहने से रात में लोगों को परेशानी होती है और सुरक्षा व्यवस्था पर भी असर पड़ता है. ऐसे में नगर निगम को मजबूत नेतृत्व की जरूरत है जो विकास को प्राथमिकता दे.
श्वेता किन्नर ने युवाओं को लेकर भी अपनी बात रखी उन्होंने कहा कि धनबाद की दिशा और दशा सुधारने के लिए अब जरूरी है कि युवाओं को आगे बढ़कर नेतृत्व करने का अवसर मिले. युवाओं में ऊर्जा है नए विचार हैं और शहर को आधुनिक तरीके से विकसित करने की क्षमता भी है. इसलिए जनता को चाहिए कि वह एक बार युवाओं को मौका देकर देखे, ताकि धनबाद के विकास को नई गति मिल सके.
वहीं महापौर प्रत्याशी अमित कुमार अग्रवाल ने किन्नर समाज के आशीर्वाद को अपने लिए प्रेरणा बताते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग का सहयोग उन्हें लगातार मिल रहा है. उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो धनबाद शहर में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा और जनसमस्याओं का समाधान पारदर्शी तरीके से किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य जनता को बेहतर सुविधाएं देना है और इसके लिए वे पूरी ईमानदारी से कार्य करेंगे.
इस अवसर पर किन्नर समाज के अन्य सदस्य, स्थानीय लोग और समर्थक भी मौजूद रहे. सभी ने आगामी चुनाव में अधिक से अधिक मतदान करने और सही उम्मीदवार को चुनने की अपील की. कार्यक्रम के दौरान माहौल उत्साहपूर्ण रहा और लोगों ने विकास के मुद्दों पर चर्चा करते हुए अपने विचार साझा किए.
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

