धनबाद(DHANBAD): धनबाद नगर निगम महापौर पद के भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजीव कुमार ने आज धनबाद के विभिन्न वार्डों का व्यापक दौरा कर आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से बैलेट क्रमांक 27, चुनाव चिन्ह – हरा मिर्च पर मतदान कर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
श्री संजीव कुमार ने कई वार्डो के मुहल्ले सहित कई क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाते हुए घर-घर जाकर मतदाताओं से संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं तथा आगामी नगर निगम चुनाव में लोकतंत्र को सशक्त बनाने हेतु सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया। उन्होंने विभिन्न मंडलों में आयोजित वार्ड स्तरीय बैठकों में भी भाग लिया और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
इसके पश्चात बैंक मोड़ बाजार में दुकानदार भाइयों के बीच पदयात्रा कर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया, जहां व्यापारियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया। इस दौरान संजीव कुमार ने कहा कि धनबाद के सर्वांगीण विकास, बेहतर नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता, जलापूर्ति, सड़क एवं प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के अंतर्गत भूली मंडल स्थित अटल स्मृति पार्क में वार्ड संख्या 15 एवं 16 के बूथ अध्यक्षों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने की। बैठक में बड़ी संख्या में महिलाएं भी उपस्थित थी।
इस बैठक में मुख्य रूप से झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चंद्रशेखर सिंह, सत्येंद्र ओझा, सूरज पासवान, सुमन सिंह, ललन मिश्रा, इंद्रकांत झा, कुणाल सिंह, प्रयागराज रविदास, विष्णु सिंह सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन, मतदाता संपर्क अभियान एवं संगठन की मजबूती पर विस्तृत चर्चा की गई।
संजीव कुमार ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पूरी ऊर्जा के साथ चुनावी मैदान में उतरने एवं बैलेट क्रमांक 27, चुनाव चिन्ह – हरा मिर्च को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मैं आमलोगों एवं पार्टी कार्यकर्ताओ के हरेक सुख दुख सदैव उपलब्ध रहूंगा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

