गुमला(JHARKHAND): गुमला थाना की पुलिस ने रविवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर नशे के कारोबार में संलिप्त तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इम्तियाज अंसारी (25 वर्ष), आरिफ राय (26 वर्ष) और शांतनु केवट (21 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, एक आरोपी गुफरान अंसारी मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नशीली दवाएं और सिरप बरामद किए गए हैं। ये सभी पदार्थ लाल रंग की अल्टो कार (JH 01CB 0314) से बरामद हुए।
गुमला थाना प्रभारी महेंद्र करमाली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि रविवार सुबह करीब 4 बजे गुमला थाना अंतर्गत टोटो बीट में पदस्थापित पुअनि कुंदन कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि एक लाल रंग की अल्टो कार में सवार 3–4 युवक नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से रांची–गुमला मार्ग होते हुए कोटाम की ओर जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सुबह करीब 5 बजे खरका से कोटाम जाने वाली पक्की सड़क पर वाहन जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान संदिग्ध अल्टो कार को आते देख पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर कार सवार भागने लगे, लेकिन पुलिस ने दौड़ाकर तीन आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट से एक नीले रंग का बैग बरामद हुआ, जिसमें बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं और सिरप पाए गए।
बरामद सामग्री में—
- विन्स्पेसमोल फोर्ट कैप्सूल: 1216 कैप्सूल
- निट्राजेपम टैबलेट: 350 टैबलेट
- ओनरेक्स कफ सिरप: 6 बोतल
- नकद राशि: 400 रुपये
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास नशीली दवाओं के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या औषधि अनुज्ञप्ति नहीं पाई गई। औषधि निरीक्षक पूनम तिर्की द्वारा जांच में पुष्टि की गई कि बरामद दवाएं ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के तहत प्रतिबंधित श्रेणी में आती हैं और इनका अवैध भंडारण एवं व्यापार दंडनीय अपराध है।
पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
NEWSANP के लिए झारखंड से ब्यूरो रिपोर्ट

