धनबाद (DHANBAD): भारत भ्रमण पर आए जापान के एक पर्यटक के अपने दल से बिछड़ जाने के बाद धनबाद पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया। यह घटना मैथन चेक पोस्ट के पास की है, जहां विदेशी पर्यटक अकेले और परेशान हालत में मिला।
जानकारी के अनुसार, जापान के टोकियो निवासी हारुखी वतावनवे भारत यात्रा पर आए हैं और बोधगया के बौद्ध तीर्थ स्थल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मैथन टोल प्लाजा के पास उनकी बस छूट गई, जिससे वे अपने समूह से अलग हो गए।
सूचना मिलते ही मैथन ओपी प्रभारी आकृष्ट अमन मौके पर पहुंचे और पर्यटक को पुलिस चौकी ले जाकर उनसे बातचीत की। पुलिस ने उनके दस्तावेजों की जांच कर पहचान सुनिश्चित की और पूरी जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद पुलिस ने संबंधित बस मालिक से संपर्क कर पर्यटक के सामान को बोधगया में सुरक्षित रखवाया। साथ ही, दूसरी बस के माध्यम से उन्हें सुरक्षित बोधगया भेजने की व्यवस्था की गई।
धनबाद पुलिस की मदद से भावुक हुए जापानी पर्यटक ने पुलिस का आभार जताया और कहा कि भारत में उन्हें बेहद सहयोग और अपनापन मिला है।
इस सराहनीय कार्य से यह स्पष्ट होता है कि धनबाद पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि मानवीय सेवा और जिम्मेदारी को भी प्राथमिकता देती है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के इस प्रयास की सराहना की है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

