खाद्य सुरक्षा एवं मानक पर आंगनवाड़ी कर्मियों को किया प्रशिक्षित…

खाद्य सुरक्षा एवं मानक पर आंगनवाड़ी कर्मियों को किया प्रशिक्षित…

धनबाद(DHANBAD): उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार धनबाद जिले में पहली बार खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजा कुमार के पहल पर एवं जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप के सहयोग से आंगनवाड़ी कर्मियों के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण एवं प्रमाणन कार्यक्रम के अंतर्गत सदर अस्पताल परिसर में स्थित लेक्चर हाल में एक दिवसीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।

जिसमें विभिन्न प्रखंडों से 76 आंगनवाड़ी सहायिकाओं ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा।

इस अवसर पर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के सूचीबद्ध प्रशिक्षक डॉ राकेश सिंह ने खाद्य सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा के खतरे, हाइजीन, खाद्य विषाक्तता, खाद्य संक्रमण, खाद्य एलर्जी एवं उनके नियंत्रण पर विस्तार से चर्चा की। इसके अतिरिक्त खाद्य जनित रोग, संचारी और गैर-संचारी रोग, फूड ग्रेड रंग, पैकेजिंग सामग्री, बर्तन, एडिटिव्स एवं प्रिजर्वेटिव्स जैसे विषयों पर विशेष जानकारी दी गई।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने फोर्टिफाइड फूड, ईट राइट इंडिया तथा आज से थोड़ा कम तेल, चीनी और नमक जैसी एफएसएसएआई की महत्वाकांक्षी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने यह हिदायत दी कि बिना वैध एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर, निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि, बैच नंबर एवं अन्य आवश्यक विवरण के पैकेज्ड खाद्य पदार्थों का क्रय-विक्रय करना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है।

प्रशिक्षण शिविर का आयोजन एफएसएसएआई के ट्रेनिंग पार्टनर 360 रिसर्च फाउंडेशन के द्वारा किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि जिले के सभी आंगनवाड़ी का निःशुल्क खाद्य सुरक्षा पंजीकरण कराया जायेगा।

कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को एप्रन एवं हाइजीन किट प्रदान किया गया और खाद्य सुरक्षा शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में 360 रिसर्च फाउंडेशन के राहुल कुमार, शुभम कुमार, अमित सिंह एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के राहुल पासवान का सराहनीय योगदान रहा।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *