दिवंगत पिता को समर्पित कैंसर जागरूकता अभियान की ब्रांड एंबेसडर बनीं अभिनेत्री आस्था अभय…

दिवंगत पिता को समर्पित कैंसर जागरूकता अभियान की ब्रांड एंबेसडर बनीं अभिनेत्री आस्था अभय…

मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा विश्व कैंसर दिवस पर भावनात्मक एवं जन-जागरूकता से जुड़ी पहल

झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर समाज में कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु एक सराहनीय एवं भावनात्मक पहल की गई। इस अवसर पर प्रसिद्ध टीवी अभिनेत्री आस्था अभय को कैंसर जागरूकता अभियान की ब्रांड एंबेसडर के रूप में मनोनित किया गया। अभिनेत्री आस्था अभय ने बताया कि वह इस अभियान को अपने दिवंगत पिता डॉ. अभय कुमार सिंह, जिनका निधन कैंसर के कारण हुआ था, को समर्पित कर रही हैं, जिससे यह पहल उनके लिए एक व्यक्तिगत श्रद्धांजलि का स्वरूप भी बन गई।

कार्यक्रम के दौरान मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा तैयार किए गए नए कैंसर जागरूकता पोस्टर का लोकार्पण अभिनेत्री आस्था अभय के कर-कमलों द्वारा संपन्न कराया गया। इस पोस्टर के माध्यम से कैंसर के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, समय पर जांच कराने, सकारात्मक सोच अपनाने एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को प्रभावी रूप से समाज तक पहुँचाने का प्रयास किया गया है।

इस अवसर पर आस्था अभय ने मारवाड़ी युवा मंच के इस सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और सही जानकारी से इस बीमारी से बचाव एवं उपचार संभव है तथा ऐसे जागरूकता अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक सिद्ध होते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि यह अभियान उनके लिए भावनात्मक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि उन्होंने अपने पिता को कैंसर के कारण खोया है। इसी व्यक्तिगत अनुभव ने उन्हें इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस पहल से अधिक से अधिक लोग जागरूक होंगे और समय रहते आवश्यक कदम उठाएंगे।

अभिनेत्री आस्था अभय ने इस कैंसर जागरूकता पोस्टर को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी साझा किया, जिससे यह संदेश व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुँच सका। मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा का यह प्रयास समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *