रांची के प्रतिष्ठित कारोबारी अनुराग सरावगी ने अपार्टमेंट की छठी मंजिल से कूदकर की आत्महत्या…

रांची के प्रतिष्ठित कारोबारी अनुराग सरावगी ने अपार्टमेंट की छठी मंजिल से कूदकर की आत्महत्या…

रांची(RANCHI): रांची के प्रमुख व्यवसायी और बिल्डर अनुराग सरावगी की मौत ने राजधानी के व्यापारिक जगत को स्तब्ध कर दिया है। गुरुवार देर रात मेन रोड स्थित ब्लेयर अपार्टमेंट की छठी मंजिल से कूदकर उन्होंने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना रात करीब 11 बजे की है, जब ऊंचाई से गिरने की तेज आवाज सुनकर सुरक्षाकर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जहां अनुराग का शव लहुलुहान हालत में मिला। सूचना मिलते ही हिंदपीढ़ी थाना पुलिस और सिटी एसपी समेत वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय अनुराग घर पर अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी और दोनों बच्चे तमिलनाडु गए हुए थे। अपार्टमेंट के उसी परिसर में उनके वृद्ध माता-पिता भी रहते हैं। घर की मेड के अनुसार, अनुराग रात में सिगरेट और लाइटर लेकर बालकनी की ओर गए थे। वहीं, कुछ पड़ोसियों ने उन्हें मोबाइल पर किसी से ऊंची आवाज में बहस करते हुए भी सुना था। पुलिस ने घटनास्थल से उनका क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन बरामद कर लिया है और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।

अनुराग सरावगी रांची के विख्यात जोखीराम-दुर्गादत्त समूह के मैनेजिंग पार्टनर थे। उन्होंने जेडी हाई स्ट्रीट मॉल, जेडी सिनेमाज और गोवा में प्रीमियम विला जैसी बड़ी परियोजनाओं का सफल निर्माण किया था। शहर के एक बेहद सफल उद्यमी होने के बावजूद उनके इस आत्मघाती कदम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की तलाश में जुटी है। परिजनों और व्यावसायिक सहयोगियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वे किसी वित्तीय संकट, व्यापारिक तनाव या पारिवारिक विवाद का सामना कर रहे थे या नहीं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *