धनबाद(DHANBAD): आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में इंडस्ट्री–इंस्टीट्यूट इंट्रैक्शन कॉन्क्लेव एवं प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुक्रवार को इस कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। आईआईटी कैंपस पहुंचने पर धनबाद पुलिस द्वारा राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान विज्ञान और तकनीक से जुड़ी कई आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई हैं। विशेष रूप से स्पेस ऑन व्हील्स के माध्यम से अंतरिक्ष विज्ञान और इसरो के कार्यों को डमी मॉडल के जरिए प्रदर्शित किया गया है। यह प्रदर्शनी खास तौर पर स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए खोली गई है, ताकि वे विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों को करीब से समझ सकें।
इस प्रदर्शनी में जिले भर के हजारों छात्र-छात्राएं शामिल हुए हैं। बच्चे प्रदर्शनी को देखकर अंतरिक्ष विज्ञान, उपग्रह, रॉकेट तकनीक और इसरो की उपलब्धियों के बारे में जानकारी ले रहे हैं। छात्रों में विज्ञान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष गंगवार ने इंडस्ट्री–इंस्टीट्यूट इंट्रैक्शन कॉन्क्लेव एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने इस तरह के आयोजनों को छात्रों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा मिलता है।
आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम तीन दिनों तक चलेगा। इस दौरान जिले के सभी सरकारी स्कूलों के छात्र सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आईआईटी आईएसएम धनबाद कैंपस में पहुंचकर प्रदर्शनी देख सकते हैं और विज्ञान से जुड़ी नई जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

