धनबाद(DHANBAD): नगर निकाय चुनाव में बुधवार को नामांकन के अंतिम दिन 166 महिला सहित 347 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया।
धनबाद नगर निगम के महापौर के लिए 2 महिला व 13 पुरुष एवं चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए 11 महिलाओं ने नामांकन दाखिल किया।
वार्ड 1 से 5 के लिए 16, वार्ड 6 से 10 के लिए 37, वार्ड 11 से 15 के लिए 19, वार्ड 16 से 20 के लिए 20, वार्ड 21 से 25 के लिए 14, वार्ड 26 से 30 के लिए 25, वार्ड 31 से 35 के लिए 28, वार्ड 36 से 40 के लिए 26, वार्ड 41 से 45 के लिए 28, वार्ड 46 से 50 के लिए 25 तथा वार्ड 51 से 55 के लिए 38 प्रत्याशियों सहित 276 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। धनबाद नगर निगम में वार्ड पार्षद के लिए 136 महिलाओं ने नामांकन किया।
वहीं चिरकुंडा नगर परिषद के वार्ड संख्या 1 से 5 के लिए 7, वार्ड संख्या 6 से 10 के लिए 11, वार्ड संख्या 11 से 15 के लिए 17 एवं वार्ड संख्या 16 से 21 के लिए 10 सहित 45 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। चिरकुंडा नगर परिषद में वार्ड पार्षद के लिए 17 महिलाओं ने नामांकन दाखिल किया।
प्रत्याशियों ने धनबाद नगर निगम के महापौर के लिए निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार के सामने नामांकन किया। जबकि वार्ड 1 से 5 तक निर्वाची पदाधिकारी यह अंचल अधिकारी बाघमारा गिरजानंद किस्कू, वार्ड संख्या 6 से 10 तक प्रखंड विकास पदाधिकारी बाघमारा लक्ष्मण यादव, वार्ड 16 से 20 के लिए अंचल अधिकारी धनबाद राम प्रवेश कुमार, वार्ड संख्या 21 से 25 के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी तोपचांची एजाज हुसैन अंसारी, वार्ड 26 से 30 के लिए कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम, वार्ड संख्या 31 से 35 के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी गोविंदपुर मोहम्मद जहीर आलम, वार्ड 36 से 40 के लिए अंचल अधिकारी झरिया मनोज कुमार, वार्ड 11 से 15 के लिए अंचल अधिकारी पुटकी विकास आनंद, वार्ड 41 से 45 के लिए अंचल अधिकारी बलियापुर मुरारी नायक, वार्ड 46 से 50 के लिए अंचल अधिकारी गोविंदपुर धर्मेंद्र दुबे तथा वार्ड संख्या 51 से 55 के लिए निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी बलियापुर श्री प्रभाष चंद्र दास के सामने नामांकन दाखिल किया।
चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशियों ने निर्वाची पदाधिकारी सह एडीएम सप्लाई जियाउल अंसारी, वार्ड संख्या 1 से 5 के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी निरसा इनदर कुमार ओहदार, वार्ड संख्या 6 से 10 के लिए अंचल अधिकारी एगारकुंड कृष्ण मुरारी मरांडी, वार्ड 11 से 15 के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी एगारकुंड मधु कुमारी तथा वार्ड संख्या 16 से 21 के लिए निर्वाची पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी निरसा विक्रम आनंद के सामने नामांकन दाखिल किया।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

