धनबाद (DHANBAD): धनबाद नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आज बुधवार चार फरवरी अंतिम तिथि है। इसे देखते हुए बड़ी संख्या में प्रत्याशी, समर्थक और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता नामांकन दाखिल करने के लिए धनबाद समाहरणालय पहुंचेंगे।
वहीं, आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का हेलीकाप्टर भी बरवाअड्डा हवाई अड्डा पर उतरना प्रस्तावित है, जिससे सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी है।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि हेलीकाप्टर दिखते ही 20 मिनट के लिए बरवाअड्डा से सिटी सेंटर तक रास्ता खाली कर दिया जाएगा। उस रास्ते में मुख्यमंत्री के काफिले निकलने तक कोई वाहन नहीं चलेगा।
वहीं गोल बिल्डिंग से मेमको मोड़ तक तथा विनोद बिहारी चौक से मेमको मोड़ तक कुछ मिनटों के लिए वाहनों का परिचालन रोका जाएगा। पुलिस प्रशासन ने दोनों कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए विशेष सुरक्षा व ट्रैफिक प्लान तैयार किए है।
एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। समाहरणालय के आसपास बैरिकेडिंग की जाएगी और केवल अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
ट्रैफिक डीएसपी अरविंद सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर दिखने के साथ ही पूरे शहर के कुछ सड़कों को ब्लाक किया जाएगा। इस दौरान मुख्य मार्गों पर यातायात पूरी तरह रोक दिया जाएगा ताकि मुख्यमंत्री का काफिला बिना किसी बाधा के गोल्फ ग्राउंड तक पहुंच सके।
काफिला गोल्फ ग्राउंड पहुंचने के बाद फिर से यातायात बहाल कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम लोगों को असुविधा कम से कम हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्ग भी तय किए गए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झामुमो के स्थापना दिवस समारोह में भाग लेने के लिए धनबाद आ रहे हैं।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

