धनबाद(DHANBAD): नगर निगम चुनाव के मद्देनज़र शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से सोमवार रात पुलिस कंट्रोल रूम में एसएसपी प्रभात कुमार ने सिटी हॉक्स पेट्रोलिंग दल के पदाधिकारियों और जवानों को विशेष ब्रीफिंग दी। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चुनावी माहौल में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी टीमों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभानी होगी।
एसएसपी प्रभात कुमार ने सिटी हॉक्स गश्ती पार्टियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखें। उन्होंने कहा कि अपराध की योजना बना रहे असामाजिक तत्वों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से लूट, बाइक चोरी, छिनतई, चोरी और गृह भेदन जैसी वारदातों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए सघन पेट्रोलिंग करने का आदेश दिया गया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक टीम अपने क्षेत्र में सूचना तंत्र और स्थानीय नेटवर्क को मजबूत करे, ताकि छोटी से छोटी जानकारी भी तुरंत पुलिस तक पहुंचे और त्वरित कार्रवाई संभव हो सके। एसएसपी ने कहा कि सक्रिय और सजग सूचना तंत्र ही अपराध नियंत्रण की सबसे बड़ी ताकत है।
ब्रीफिंग के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार ने जवानों को ड्यूटी के प्रति जिम्मेदार और संवेदनशील रहने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि नागरिकों के साथ व्यवहार से बनती है, इसलिए राहगीरों, जरूरतमंदों और असहाय लोगों की मदद करना भी पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ईमानदारी, अनुशासन और सतर्कता के साथ काम करने पर ही बेहतर परिणाम मिलेंगे।
ब्रिफिंग के दौरान SSP ने सिटी हॉक्स के चार जवानों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत भी किया। साथ ही जिन कर्मियों का प्रदर्शन अपेक्षा से कम पाया गया, उन्हें चिन्हित कर कार्य में सुधार लाने की चेतावनी दी गई। उन्होंने साफ कहा कि लगातार खराब प्रदर्शन करने वालों पर विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
इस विशेष ब्रीफिंग के बाद से शहर में सिटी हॉक्स की गश्त और अधिक सक्रिय और सख्त कर दी गई है, जिससे चुनावी माहौल में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
ब्रिफिंग के दौरान एसएसपी प्रभात कुमार के साथ सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा, डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार के साथ कई अन्य पदाधिकारी व जवान मौजूद थे..
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

