रांची(RANCHI): झारखंड में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। मौसम केंद्र के मुताबिक, चार फरवरी तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आकाश में बादल छाए रह सकते हैं। राजधानी रांची में भी इसका असर दिख सकता है।
पूर्वानुमान के अनुसार, रांची में न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम केंद्र ने चेतावनी दी है कि पाँच फरवरी के बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है, जिससे तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
सुबह के समय कोहरा और कुहासा रहने की संभावना है, लेकिन आसमान धीरे-धीरे साफ होगा। इसके बाद 8 फरवरी तक ठंड से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की वृद्धि होने से पूरे राज्य में ठंड का असर कम होगा।
पिछले 24 घंटे के आंकड़ों की बात करें तो झारखंड में मौसम शुष्क रहा। राज्य में कहीं-कहीं हल्का और मध्यम कोहरा देखा गया। अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में और न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री गुमला में रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री और न्यूनतम 11.6 डिग्री रहा।
रांची में अगले चार दिन का तापमान पूर्वानुमान:
2 फरवरी: अधिकतम 27°C, न्यूनतम 13°C
3 फरवरी: अधिकतम 27°C, न्यूनतम 14°C
4 फरवरी: अधिकतम 27°C, न्यूनतम 12°C
5 फरवरी: अधिकतम 26°C, न्यूनतम 11°C
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इसके बाद 6, 7 और 8 फरवरी तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, जिससे ठंड का असर धीरे-धीरे कम होने लगेगा और लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

