सिंदरी(SINDRI): धनबाद नगर निगम से मेयर पद के प्रत्याशी अमित अग्रवाल ने चुनाव प्रचार के क्रम में सिंदरी स्थित आई.एम. टाइप सांथी क्लब दुर्गा मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना का आयोजन किया। पूजा के उपरांत उन्होंने सैकड़ों महिला एवं पुरुषों को लिट्टी-चोखा का प्रसाद/भोज वितरित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज़ देखी गईं।
हालांकि, कार्यक्रम के दौरान वितरित किए गए चुनावी पंपलेट को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रचार पंपलेट पर संबंधित मुद्रक (प्रिंटिंग प्रेस) का नाम, पता एवं कुल मुद्रित प्रतियों की संख्या अंकित नहीं है। जबकि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री पर मुद्रक का नाम, पता एवं पंजीकरण विवरण अंकित करना अनिवार्य है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन हो सकता है। इस मुद्दे को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं तथा विपक्षी खेमे में भी नाराजगी देखी जा रही है। कई लोगों ने चुनाव आयोग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, इस पूरे मामले को लेकर न तो जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है और न ही मेयर प्रत्याशी अमित अग्रवाल की ओर से कोई स्पष्टीकरण दिया गया है। अब सभी की निगाहें चुनाव आयोग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
NEWS ANP के लिए सिंदरी से ब्यूरो रिपोर्ट।

