रांची(RANCHI): रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ी आपराधिक वारदात होने से पहले ही पुलिस ने उसे नाकाम कर दिया। लक्ष्मी ज्वेलर्स में लूट के इरादे से पहुंचे दो बदमाशों को लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार और उनकी टीम ने मौके पर ही धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी काफी देर से ज्वेलरी दुकान के आसपास संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त थे। पुलिस को उनकी हरकतों पर शक हुआ और निगरानी बढ़ा दी गई। इसी दौरान जैसे ही बदमाश दुकान में घुसकर लूट की कोशिश करने लगे, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
स्थानीय लोगों के सहयोग से टली बड़ी वारदात
बदमाशों को पकड़ने के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने भी पुलिस की मदद की। स्थानीय लोगों की सतर्कता और सहयोग से किसी बड़ी घटना को होने से पहले ही रोक दिया गया। इस दौरान इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी बन गया।
एसएसपी के निर्देश पर बढ़ाई गई पुलिस चौकसी
बताया जा रहा है कि रांची के एसएसपी राकेश रंजन राजधानी में बढ़ते अपराध को लेकर गंभीर हैं। उनके निर्देश पर शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है और लगातार गश्त की जा रही है। पुलिस की इसी सक्रियता और सतर्कता के चलते लालपुर में ज्वेलरी शॉप लूट की साजिश समय रहते नाकाम हो सकी।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

