धनबाद(DHANBAD): कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के द्वारा बुधवार को मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कृषि मेला का आयोजन किया गया। इस मेले का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ ट्रेडिशनल और आधुनिक खेती के तरीकों के प्रति जागरूक करना है। मेले में विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग काउंटर लगाए गए, जहां किसानों को उन्नत खेती, पशुपालन, मछली पालन और जैविक खेती से जुड़ी जानकारियां दी गईं।
इस अवसर पर डीडीसी सन्नी राज ने बताया कि धनबाद जिले में आयोजित इस कृषि मेले के माध्यम से किसानों को नई तकनीकों से अवगत कराया जा रहा है, ताकि वे खेती को अधिक लाभकारी बना सकें। उन्होंने कहा कि जैविक खेती जिस तेजी से विलुप्त होती जा रही है, उसे फिर से बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस मेले का आयोजन किया गया है।
वहीं मछली पालन से जुड़े किसान राजू मालाकार ने बताया कि मेले में मछली पालन के आधुनिक तरीकों की जानकारी साझा की गई। उन्होंने कहा कि धनबाद में मछली पालन करने वाले किसान अपने-अपने अनुभव और तरीकों से इस कार्य में जुड़े हुए हैं। वे स्वयं पिछले 20 वर्षों से मछली पालन से जुड़े हैं, जबकि कई अन्य किसान पिछले 15 वर्षों से इस क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं।
कृषि मेला किसानों के लिए सीखने और अनुभव साझा करने का एक बेहतर मंच साबित हो रहा है, जिससे उन्हें नई दिशा और प्रेरणा मिल रही है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

