नई दिल्ली(NEW DELHI): नई दिल्ली से बड़ी खबर। देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। वर्ष 2026 के लिए कुल 131 हस्तियों को पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा। इन पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है।
इस वर्ष 5 हस्तियों को पद्म विभूषण, 13 को पद्म भूषण और 113 को पद्म श्री पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। कला, साहित्य, समाज सेवा, विज्ञान, चिकित्सा, खेल, उद्योग और शिक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को यह सम्मान दिया जाता है।
सूची के अनुसार, एक्टर धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। वहीं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत नेता शिबु सोरेन और प्रसिद्ध गायिका अलका याज्ञनिक समेत 13 हस्तियों को पद्म भूषण के लिए चुना गया है।
खेल जगत से क्रिकेटर रोहित शर्मा, महिला क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर, पैरा एथलीट प्रवीण कुमार और हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया समेत कई खिलाड़ियों को पद्म श्री सम्मान देने की घोषणा की गई है।
राजस्थान के डीग जिले के गफरुद्दीन मेवाती, जो ‘पांडुन का कड़ा’ के एकलौते लोक गायक और जोगी भपंग वादक हैं, को भी पद्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वे देश-विदेश में लोक कला की प्रस्तुति दे चुके हैं और उन्हें पांडुन का कड़ा के 2500 से अधिक दोहे कंठस्थ हैं।
कर्नाटक के अंके गौड़ा, जिन्होंने घर बेचकर 20 लाख से अधिक पुस्तकों की लाइब्रेरी बनाई, को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा।
वहीं पंजाब के पूर्व डीआईजी इंद्रजीत सिंह सिद्धू, जो पिछले 10 वर्षों से रोज़ाना सड़कों की सफाई करते हैं, को भी इस सूची में शामिल किया गया है।
छत्तीसगढ़ की सामाजिक कार्यकर्ता बुधरी ताती, जो वृद्धा आश्रम और अनाथ आश्रम चलाती हैं और बस्तर में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए 545 गांवों की पदयात्रा कर चुकी हैं, को भी पद्म सम्मान मिलेगा।
इस वर्ष पद्म पुरस्कार पाने वालों में 19 महिलाएं शामिल हैं, जबकि 6 विदेशी, एनआरआई, पीआईओ और ओसीआई श्रेणी से हैं। 16 हस्तियों को यह सम्मान मरणोपरांत दिया जाएगा। पद्म पुरस्कार राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में प्रदान किए जाएंगे।
NEWSANP के लिए नई दिल्ली से ब्यूरो रिपोर्ट

