झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा रूबी जयंती वर्ष के अवसर पर अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के 42वें स्थापना दिवस पर आयोजित युवा विकास एवं सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत जीवन ज्योति स्कूल, बस्ताकोला में शिक्षा सेवा कार्यक्रम के तहत दिव्यांग विद्यार्थियों को छात्रोपयोगी शैक्षणिक सामग्री तथा खान-पान की सामग्री का वितरण किया गया। इस सेवा कार्य से विद्यार्थियों के चेहरों पर प्रसन्नता एवं उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंच के शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, पूर्व अध्यक्ष विवेक लिल्हा, झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच (मंडल-4) के उपाध्यक्ष नरेश केजरीवाल, दिनेश शर्मा, चैतन्य अग्रवाल एवं यश अग्रवाल उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रांतीय उपाध्यक्ष नरेश केजरीवाल ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में प्रगति और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन एवं उपस्थित शिक्षकों ने इस जनसेवी पहल के लिए मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सामाजिक सेवा को निरंतर आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

