लातेहार(JHARKHAND): छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा पर स्थित झारखंड के ओरसा घाट में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से झारखंड के लोध फॉल सगाई समारोह में जा रही एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में पांच महिलाओं समेत कुल नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 70 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं।
मृतक और घायल सभी बलरामपुर जिले के पीपरसोत, महाराजगंज, झपरा और बुद्धूडीह गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। बस में क्षमता से अधिक 80 से 90 यात्री सवार थे।
ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छत्तीसगढ़ की सीमा से करीब सात किलोमीटर दूर ओरसा घाट की तीखी ढलान पर बस के ब्रेक फेल हो गए। तेज रफ्तार में ढलान से उतरते समय चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस पलट गई। कई यात्री बस के नीचे दब गए।
बस चालक विकास पाठक ने बताया कि घाटी में उतरते समय ही ब्रेक फेल होने का एहसास हो गया था। उन्होंने हैंडब्रेक लगाने की कोशिश की और यात्रियों को संभलने की चेतावनी भी दी, लेकिन ढलान अधिक होने के कारण बस पर नियंत्रण नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू
हादसे के तुरंत बाद ओरसा गांव के दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस के नीचे दबे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। ग्रामीणों की तत्परता से कई घायलों की जान बच सकी।
सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ के सामरी थाना और झारखंड के महुआडांड़ थाना क्षेत्र से पुलिस व प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं। तब तक चार महिलाओं की मौत हो चुकी थी।
घायलों का इलाज जारी
घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से झारखंड के महुआडांड़, गुमला और लातेहार अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुमला अस्पताल में दो पुरुषों की और लातेहार सदर अस्पताल में एक महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कुछ गंभीर घायलों को अंबिकापुर और रांची रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान
दुर्घटना में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान—
रेसंती देवी
प्रेमा देवी
सीता देवी
सुखना भुइयां
(सभी निवासी: पीपरसोत, बलरामपुर)
पुरुष मृतकों में महाराजगंज निवासी विकास कुमार और विजय कुमार शामिल हैं। दो पुरुष और एक महिला की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
गांवों में मातम, जनप्रतिनिधि पहुंचे
हादसे के बाद पीपरसोत और महाराजगंज गांव में शोक का माहौल है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और पीड़ित परिवारों के सदस्य घटनास्थल और अस्पतालों में पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री ने जताया शोक
इस हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और क्षेत्रीय विधायक व कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं और मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

