जामताड़ा(JAMTADA): देश में बार-बार होने वाले चुनावों से उपजती चुनौतियों और राष्ट्र के दीर्घकालीन विकास की आवश्यकता को लेकर जामताड़ा कॉलेज, जामताड़ा में एक राष्ट्र–एक चुनाव” के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह ने किया,। जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण उपस्थित रहे।
हस्ताक्षर अभियान के दौरान कॉलेज परिसर में वर्तमान समय की वास्तविक तस्वीर साफ दिखाई दी—जहां युवा पीढ़ी केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहकर देश की नीतियों, अर्थव्यवस्था और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को लेकर सजग नजर आई। छात्रों ने स्वेच्छा से, बिना किसी राजनीतिक दबाव और बिना किसी दल विशेष के बैनर तले राष्ट्रहित में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि आज जामताड़ा महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि वे देश के प्रति कितने जागरूक हैं। उन्होंने कहा कि लगातार पांच वर्षों तक चुनाव होते रहने से देश पर भारी आर्थिक बोझ पड़ता है और विकास कार्य बाधित होते हैं। ऐसे में युवाओं का यह समझना कि पांच वर्ष में एक बार चुनाव होने से देश को स्थिरता मिलेगी और विकास को गति मिलेगी, अपने आप में भविष्य के प्रति एक सकारात्मक संकेत है। यह आंदोलन दर्शाता है कि आज का युवा भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में देखना चाहता है।
भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे ने कहा कि देश में लगभग सालभर किसी न किसी स्तर का चुनाव चलता रहता है, जिससे आर्थिक व्यवस्था पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस आह्वान का उल्लेख किया, जिसमें नगर में पालिका से लेकर विधानसभा और लोकसभा तक के चुनाव एकसाथ कराने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि चुनावी खर्च में होने वाली बचत को यदि विकास कार्यों में लगाया जाए तो आने वाले वर्षों में भारत एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभरेगा। इसी सोच को लेकर देशभर में विभिन्न वर्गों, खासकर छात्र-छात्राओं के बीच हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।
जिला मंत्री सुजाता सिंह ने कहा कि बार-बार चुनाव होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, साथ ही शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ाई भी बाधित होती है। इससे आम जनता और छात्र-छात्राओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए एक राष्ट्र–एक चुनाव समय की आवश्यकता बन गई है।
छात्र नेता आकाश साव ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान पुलिस बल की तैनाती के कारण स्कूल और कॉलेजों को बंद करना पड़ता है, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि यदि एक साथ चुनाव हों तो शिक्षा व्यवस्था निर्बाध रूप से चल सकेगी और युवाओं का भविष्य सुरक्षित होगा।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, कार्यक्रम प्रभारी शुभम साव, कार्यालय मंत्री प्रवीण आनंद मिश्रा, अनिकेत शर्मा, नवीन डोकनिया, अमन कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
जामताड़ा कॉलेज में आयोजित यह हस्ताक्षर अभियान केवल वर्तमान की समस्याओं पर चिंता नहीं, बल्कि भविष्य के भारत का एक स्पष्ट दर्शन प्रस्तुत करता है—जहां लोकतंत्र अधिक सशक्त, व्यवस्था अधिक सुचारू और विकास की रफ्तार निर्बाध हो। युवाओं की यह सहभागिता संकेत देती है कि आने वाले समय में राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी एक सजग, समझदार और दूरदर्शी पीढ़ी के हाथों में होगी।
NEWSANP के लिए आर पी सिंह की रिपोर्ट

