काले शीशे और मॉडिफाइड नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो पर ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई, वाहन हुआ जब्त…

काले शीशे और मॉडिफाइड नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो पर ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई, वाहन हुआ जब्त…

सोशल मीडिया पर वायरल था गाड़ी का वीडियो, सभी वाहन चालकों से यातायात नियम के पालन की अपील

धनबाद(DHANBAD): विगत कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी दिखाई दे रही थी। उक्त वाहन में काले शीशे लगे हुए थे और नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ कर उसे फैंसी मॉडिफाइड किया गया था। यह कृत्य यातायात नियमों और मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत स्पष्ट रूप से अपराध की श्रेणी में आता है।

वायरल वीडियो के संज्ञान में आते ही धनबाद ट्रैफिक पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। सबसे पहले जिला परिवहन कार्यालय (डीटीओ) से वाहन के पंजीकरण से संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई गई, जिसके आधार पर वाहन मालिक की पहचान की गई।

जांच पूरी होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने धनसार थाना क्षेत्र के महावीर नगर स्थित वाहन मालिक के आवास पर छापेमारी की। इस दौरान काले शीशे और मॉडिफाइड नंबर प्लेट वाली उक्त स्कॉर्पियो कार को बरामद कर लिया गया। वाहन को मौके से जब्त कर ट्रैफिक थाना लाया गया।

इस संबंध में ट्रैफिक डीएसपी अरविन्द सिंह ने बताया कि जब्त वाहन महेश कुमार के नाम से पंजीकृत है। वाहन को विधिवत जब्त कर लिया गया है और मोटर व्हीकल अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।

ट्रैफिक डीएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि काले शीशे, मॉडिफाइड फैंसी नंबर प्लेट और अन्य अवैध परिवर्तनों वाले वाहनों को चिन्हित कर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

अंत में उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वैध दस्तावेजों के साथ वाहन चलाएं और किसी भी प्रकार के अवैध मॉडिफिकेशन से बचें, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *