नयी दिल्ली(NEW DELHI): भारतीय रेलवे देश के सबसे व्यस्त रेल रूट में से एक पर कनेक्टिविटी को और मजबूत करने जा रहा है. हावड़ा और दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल) के बीच जल्द ही अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत की जाएगी.
यह नई पीढ़ी की ट्रेन यात्रियों को बेहतर, तेज और सुविधाजनक सफर का अनुभव देने के उद्देश्य से लाई जा रही है. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह ट्रेन वंदे भारत जैसी आधुनिक सुविधाओं से प्रेरित होगी, लेकिन इसे किफायती किराए को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है.
कम आय वर्ग के यात्रियों पर खास फोकस
अमृत भारत एक्सप्रेस को खास तौर पर लोअर और लोअर-मिडिल इनकम ग्रुप के यात्रियों के लिए तैयार किया गया है. रेलवे का मानना है कि लंबी दूरी की यात्रा में बड़ी संख्या में ऐसे यात्री सफर करते हैं, जिन्हें बेहतर सुविधा तो चाहिए, लेकिन किराया भी उनकी पहुंच में होना चाहिए. इसी सोच के तहत इस ट्रेन में आधुनिक कोच, बेहतर सीटिंग व्यवस्था और आरामदायक यात्रा अनुभव देने पर जोर दिया गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें.
रूट और कोच की पूरी जानकारी
हावड़ा से दिल्ली जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 13065 के तहत चलेगी. यह ट्रेन बंदेल, बर्धमान, आसनसोल, गया, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन और लखनऊ जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी. वापसी में दिल्ली से हावड़ा की सेवा ट्रेन नंबर 13066 के रूप में संचालित होगी. इस ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों की भारी संख्या को संभालना आसान होगा.
शेड्यूल और रेलवे की बड़ी रणनीति
हावड़ा से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस हर गुरुवार रात 11:10 बजे रवाना होगी और शनिवार सुबह 2:50 बजे दिल्ली पहुंचेगी. वहीं वापसी में यह ट्रेन शनिवार सुबह 5:15 बजे आनंद विहार से चलेगी और रविवार सुबह 10:50 बजे हावड़ा पहुंचेगी. फिलहाल इसे साप्ताहिक सेवा के रूप में शुरू किया जा रहा है. रेलवे के लिए यह ट्रेन सिर्फ एक नई सेवा नहीं, बल्कि भीड़भाड़ वाले रूट्स को राहत देने और अगली पीढ़ी की ट्रेनों के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

