सोमनाथ(GUJRAT): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमनाथ में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने श्री सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और ‘ओम’ जाप में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने भव्य ड्रोन शो भी देखा, जिसकी उन्होंने जमकर सराहना की।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ड्रोन शो की तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में वे गुजरात के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ ड्रोन शो देखते नजर आ रहे हैं। पीएम मोदी ने लिखा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के शुभ अवसर पर मंदिर परिसर में दिव्यता और भव्यता से भरा ड्रोन शो देखने का सौभाग्य मिला। इस अद्भुत शो में प्राचीन आस्था और आधुनिक टेक्नोलॉजी का ऐसा तालमेल देखने को मिला, जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उन्होंने आगे लिखा कि सोमनाथ की पावन धरा से निकला यह प्रकाशपुंज पूरे विश्व को भारत की सांस्कृतिक शक्ति और गौरव का संदेश दे रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार शाम को सोमनाथ मंदिर में श्री सोमनाथ ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता भी की। इस संबंध में उन्होंने एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में मंदिर परिसर के इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेडेशन और तीर्थयात्रियों के अनुभव को और बेहतर व यादगार बनाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि सोमनाथ आना हमेशा विशेष अनुभव होता है, क्योंकि यह स्थल भारतीय सभ्यता की दृढ़ता और साहस का गौरवशाली प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब देश सन् 1026 में सोमनाथ मंदिर पर हुए पहले हमले के एक हजार वर्ष पूरे होने के अवसर पर एकजुट हुआ है। प्रधानमंत्री ने गर्मजोशी से स्वागत के लिए लोगों का आभार भी जताया।
प्रधानमंत्री मोदी आज रविवार सुबह लगभग 9.45 बजे शौर्य यात्रा में भाग लेंगे। यह औपचारिक शोभायात्रा सोमनाथ मंदिर की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अनगिनत वीर योद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है।
NEWSANP के लिए गुजरात से ब्यूरो रिपोर्ट

