संजय पांचवीं बार बने जामताड़ा जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष…

संजय पांचवीं बार बने जामताड़ा जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष…

जामताड़ा(JAMTADA):दुमका रोड स्थित पाटोदिया धर्मशाला परिसर में जामताड़ा जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में वर्ष 2026–27 के लिए सर्वसम्मति से संजय अग्रवाल को लगातार पांचवीं बार चैंबर का अध्यक्ष चुना गया। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने हाथ उठाकर उन्हें निर्विरोध समर्थन दिया।

उल्लेखनीय है कि संजय अग्रवाल पिछले 15 वर्षों से चैंबर के सचिव एवं अध्यक्ष के रूप में जिले के व्यापारी वर्ग के हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। वे वर्ष 2011 से 2017 तक सचिव तथा 2018 से 2025 तक अध्यक्ष पद पर रह चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान चैंबर ने न केवल जिले में बल्कि झारखंड स्तर पर भी अपनी एक सशक्त पहचान बनाई है।

पुनः अध्यक्ष चुने जाने पर संजय अग्रवाल ने सभी व्यापारियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि जिस विश्वास के साथ व्यापारियों ने उन्हें लगातार अपना प्रतिनिधि चुना है, वे उस भरोसे को कभी टूटने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि वे बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक व्यापारी के सुख-दुख में 24×7 कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे।

संजय अग्रवाल ने जामताड़ा जैसे पिछड़े जिले में उद्योग-धंधों की दयनीय स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में पूर्व की रघुवर सरकार द्वारा उद्योग स्थापना के लिए 105 एकड़ भूमि आवंटित की गई थी, लेकिन अब तक राज्य सरकार और जिला प्रशासन की ओर से इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और जिला प्रशासन से मांग की कि जिले में उद्योग-धंधों की स्थापना के लिए गंभीर प्रयास किए जाएं, ताकि स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके और पलायन पर रोक लगे। उन्होंने कहा कि केवल सड़क और भवन निर्माण से विकास की परिभाषा पूर्ण नहीं होती, बल्कि उद्योगों की स्थापना से ही वास्तविक विकास संभव है।

बैठक में बढ़ते अपराध पर भी कड़ा रोष जताया गया। संजय अग्रवाल ने कहा कि राज्य में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ गया है और वे बेखौफ होकर लूट, डकैती और हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने 24 दिसंबर 2025 की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि जामताड़ा के हृदयस्थल कायस्थपाड़ा मोड़ स्थित बालाजी ज्वैलर्स में अपराधियों ने घुसकर व्यापारी को गोली मारकर लूटपाट की। उन्होंने कहा कि जामताड़ा के इतिहास में इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई थी, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

उन्होंने राज्य सरकार से अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि व्यापारी, आम जनता और अन्य वर्ग भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। सरकार को चाहिए कि अपराधियों को सलाखों के पीछे डालकर राज्य में अमन-चैन का माहौल कायम करे। साथ ही उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि व्यापारी वर्ग को कमजोर समझने की भूल न की जाए, क्योंकि वे अपने हक और सुरक्षा की लड़ाई के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार हैं।

संजय अग्रवाल ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से अपील की कि वे जामताड़ा के विकास के लिए एक कदम आगे बढ़ें, चैंबर दो कदम साथ चलने को तैयार है। उन्होंने कहा कि जामताड़ा जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज हमेशा प्रशासन को सहयोग करता आया है और आगे भी सहयोग की अपेक्षा रखता है।

इस बैठक में चैंबर के सचिव दिलीप जटिया सहित सरोज टिबरेवाल, अजीत लच्छीरामका, सुभाष जटिया, अरविंद मंडल, गुरमीत सिंह, मनोज जायसवाल, राजकुमार साह, मिंटू अग्रवाल, कपूर लच्छीरामका, रणजीत डोकानिया, टिंकू डोकानिया, आनंद दास, गोपाल डालमिया, प्रमोद साह, कैलाश जोशी, विजय वर्णवाल, किशोर मंडल, भोला मंडल, मो. शमशुल, मो. हसीबुर रहमान, मो. अम्बरुल, राजेश भारती, मुनीलाल साव, निरंजन साव, प्रकाश नारनौलिया, सुभाष दालान सहित कई प्रमुख व्यापारी उपस्थित थे।

NEWSANP के लिए जामताड़ा से आर पी सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *