कोलकाता(KOLKATA):कोलकाता के एक कैब ड्राइवर की ईमानदारी और जिम्मेदारी की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। एक वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि नशे की हालत में एक युवती कैब में सफर कर रही थी, लेकिन ड्राइवर ने पूरी संवेदनशीलता और समझदारी के साथ उसे सुरक्षित उसके घर तक पहुंचाया।
राइड की शुरुआत में युवती ड्राइवर को बताती है कि उसने शराब पी रखी है। इस पर ड्राइवर शांत स्वर में कहता है, “मुझे पता है, आप आराम से बैठिए।” पूरी यात्रा के दौरान ड्राइवर न सिर्फ संयम बनाए रखता है, बल्कि युवती की सुरक्षा को प्राथमिकता देता नजर आता है।
वीडियो में यह भी देखा गया कि ड्राइवर युवती की मां से फोन पर बात करता है और उन्हें स्थिति की जानकारी देता है। रास्ते में युवती कई बार असहज व्यवहार करती है, लेकिन ड्राइवर धैर्यपूर्वक स्थिति को संभालता है। युवती भी बातचीत के दौरान ड्राइवर का धन्यवाद करती सुनाई देती है।
कैब ड्राइवर युवती को सुरक्षित उसके घर तक पहुंचाता है और यह सुनिश्चित करता है कि वह अंदर चली जाए। युवती के कहने पर ड्राइवर बाहर से दरवाजा लॉक भी कर देता है, ताकि वह पूरी तरह सुरक्षित रहे।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोग कैब ड्राइवर की परवरिश, संस्कार और जिम्मेदार रवैये की जमकर सराहना कर रहे हैं। कई यूजर्स इसे मानवता और पेशेवर ईमानदारी की मिसाल बता रहे हैं।
NEWSANP के लिए कोलकाता से ब्यूरो रिपोर्ट

