जम्मू-कश्मीर(JAMMU KASHMIR): जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के दच्छन क्षेत्र में गुरुवार रात भीषण आग लगने से करीब 20 घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
आग में कई घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, लेकिन किसी की जान नहीं गई
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने घटना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए किश्तवाड़ के डिप्टी कमिश्नर पंकज शर्मा से फोन पर बात की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि आग में कई घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, लेकिन किसी की जान नहीं गई है।
प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री भेजी गई
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रशासन और रेड क्रॉस की टीमें तुरंत सक्रिय हो गई हैं। प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री भेज दी गई है और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, आग गुरुवार शाम को लगी और कुछ ही देर में फैल गई। गांव में मकान एक-दूसरे से बेहद पास बने हुए हैं और अधिकांश घर लकड़ी के हैं, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। पहले आठ से नौ घर आग की चपेट में आए और बाद में यह संख्या बढ़कर करीब 20 घरों तक पहुंच गई।
दुर्गम पहाड़ी इलाका और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण दमकल वाहनों को मौके पर पहुंचने में काफी समय लगा
स्थिति को संभालना इसलिए भी चुनौतीपूर्ण रहा क्योंकि यह क्षेत्र दुर्गम पहाड़ी इलाका है। खराब सड़कें, सीमित पहुंच और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण दमकल वाहनों को मौके पर पहुंचने में काफी समय लगा। जब तक दमकल की टीमें पहुंचीं, तब तक आग कई घरों को नुकसान पहुंचा चुकी थी।
प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और प्रभावित परिवारों को अस्थायी राहत मुहैया कराई जा रही है
फिलहाल प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और प्रभावित परिवारों को अस्थायी राहत मुहैया कराई जा रही है। रेड क्रॉस के सहयोग से खाने-पीने का सामान, जरूरी वस्तुएं और अन्य राहत सामग्री वितरित की जा रही है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद दी जाएगी और जल्द से जल्द उन्हें राहत पहुंचाई जाएगी।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

