धनबाद(SINDRI): समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं निरंतर योगदान के लिए सामाजिक संस्था समर्पण एक नेक पहल के संस्थापक सह केंद्रीय अध्यक्ष दीपेश चौहान को अखंड भारत सेवा सम्मान-04 से सम्मानित किया गया। यह राष्ट्रीय सम्मान समारोह बिहार के मधुबनी जिले के झंझारपुर में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पंख एक नई दिशा संस्था की अध्यक्ष श्रीमती पिंकी गुप्ता ने अपने कर-कमलों से सम्मान पत्र भेंट कर श्री चौहान को सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद श्री दीपेश चौहान ने अपने संबोधन में समाज सेवा को बढ़ावा देने, युवाओं को जागरूक करने तथा शिक्षा, रक्तदान एवं जनकल्याण जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में समर्पण एक नेक पहल की ओर से केंद्रीय समिति सदस्य धीरज सिंह, शिवम चौधरी, सोनू कुमार सहित अन्य सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने इस सम्मान को संस्था की पूरी टीम की मेहनत और समाज के प्रति समर्पण का परिणाम बताया।
संस्था की ओर से कहा गया कि यह सम्मान भविष्य में और अधिक समर्पण के साथ समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा। कार्यक्रम के अंत में आयोजक संस्था एवं सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

