11 महीने से नहीं जुड़ी नई महिलाएं, उम्र पूरी होते ही कट रहा नाम
राँची(RANCHI) : राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना इन दिनों गंभीर सवालों के घेरे में है। योजना में पिछले 11 महीनों से नई लाभुक महिलाओं की एंट्री पूरी तरह बंद है, जबकि एग्जिट का दरवाजा खुला हुआ नजर आ रहा है। हालात ऐसे हैं कि जैसे ही किसी लाभुक महिला की उम्र 50 वर्ष पूरी होती है, उसका नाम स्वतः पोर्टल से हटा दिया जा रहा है, लेकिन 18 वर्ष की नई पात्र महिलाएं योजना में जुड़ ही नहीं पा रही हैं।
आंकड़े चौंकाने वाले हैं। हर महीने न्यूनतम 8 हजार से लेकर अधिकतम 20 हजार महिलाओं के नाम सूची से हट रहे हैं। सिर्फ उम्र सीमा पूरी होने के कारण बीते 11 महीनों में 1 लाख 33 हजार 776 लाभुकों के नाम योजना से बाहर हो चुके हैं।
वहीं दूसरी ओर, राज्यभर में अब भी करीब ढाई लाख नए आवेदन लंबित हैं, जिन्हें पोर्टल पर जोड़ा ही नहीं जा रहा। स्थानीय स्तर पर अधिकारी पोर्टल खराब होने का हवाला देकर पल्ला झाड़ रहे हैं, लेकिन जानकारों का कहना है कि नई लाभुकों की एंट्री पर अघोषित रोक लगा दी गई है।
नियम साफ कहते हैं कि 18 से 50 वर्ष की महिलाएं योजना की पात्र हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि योजना में फिलहाल सिर्फ बाहर निकलने का रास्ता खुला है, अंदर आने का नहीं। इससे हजारों पात्र महिलाएं सरकारी लाभ से वंचित हो रही हैं और योजना की मंशा पर ही सवाल उठने लगे हैं।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

