धनबाद (DHANBAD): धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ (भारतीय मजदूर संघ) द्वारा सौंपे गए मांग-पत्र पर गोविंदपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक द्वारा अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं श्रमिक-विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। यह वक्तव्य संगठन मंत्री सह सहक्षेत्रीय सचिव सुशील कुमार सिंह ने दिया।
सिंह ने कहा कि श्रम मंत्रालय द्वारा राष्ट्र, उद्योग एवं श्रमिकों के हितों की रक्षा हेतु गठित ACC, कल्याण बोर्ड एवं सुरक्षा बोर्ड की भूमिका की प्रबंधन द्वारा खुलेआम अवहेलना की जा रही है।
उन्होंने बताया कि संबंधित बैठक का कार्यवृत्त निर्गत होने के बावजूद ACC में सर्वसम्मति से लिए गए निर्णयों को लागू नहीं किया गया। इसके विपरीत, महाप्रबंधक द्वारा सभी श्रमिकों का स्थानांतरण ब्लॉक-V परियोजना के रेलवे साइडिंग में कर दिया गया, जो ACC के निर्णयों का स्पष्ट उल्लंघन है।
सिंह ने कहा कि बैठक में यह स्पष्ट निर्णय लिया गया था कि खरखरी कोलियरी के स्थायी श्रमिक स्वेच्छा से आवेदन देकर गोविंदपुर क्षेत्र की अन्य कोलियरियों अथवा अन्य क्षेत्रों में स्थानांतरण करा सकते हैं। संगठन इस प्रकार के एकतरफा निर्णयों का घोर विरोध करता है।
उन्होंने मांग की कि प्रबंधन शीघ्र ही सम्मानित ACC सदस्यों की बैठक बुलाकर श्रमिकों की समस्याओं का समाधान करे.
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

