गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और राष्ट्रसेवा की दिशा में युवाओं को किया गया प्रेरित
जामताड़ा(JAMTADA): स्थानीय दुलाडीह नगर भवन में एलसीसी (LCC) जामताड़ा का 19वां वार्षिकोत्सव–2025 हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, प्रशासन, राजनीति और मीडिया जगत से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
एलसीसी के निदेशक राजीव रंजन मुखर्जी ने अपने संबोधन में संस्थान की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि दिसंबर 2006 में मात्र 6 छात्रों के साथ एलसीसी की स्थापना हुई थी। निरंतर परिश्रम, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और समाज के सहयोग से आज यह संस्थान अपने 20वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। वर्तमान में यहां 700 से अधिक छात्र कंप्यूटर के विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जबकि अब तक हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में एलसीसी की अहम भूमिका रही है। उन्होंने जामताड़ा के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और मीडिया कर्मियों के निरंतर सहयोग के लिए आभार जताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार ने एलसीसी द्वारा दी जा रही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को निरंतर बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को विशेष संदेश देते हुए कहा कि साइबर अपराध के क्षेत्र में भटकने के बजाय कंप्यूटर ज्ञान और तकनीकी कौशल का उपयोग राष्ट्रसेवा और सकारात्मक कार्यों में करें। उनका कहना था कि कौशल आधारित शिक्षा ही आज के समय में युवाओं को आत्मनिर्भर बना सकती है।
वार्षिकोत्सव के अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गई, जिसमें नृत्य, गीत और नाट्य मंचन शामिल रहे। वहीं शैक्षणिक और प्लेसमेंट उपलब्धियों के लिए मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
समारोह के समापन पर वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि एलसीसी जामताड़ा न केवल कंप्यूटर शिक्षा का केंद्र है, बल्कि यह युवाओं को सही दिशा देने वाला एक सशक्त मंच भी बन चुका है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त जामताड़ा निरंजन कुमार उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी संतोष कुमार घोष रहे। अन्य सम्मानित अतिथियों में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष बीरेंद्र मंडल, सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निलेश कुमार, एलसीसी इन्फोटेक लिमिटेड, कोलकाता के रीजनल हेड संतोष द्विवेदी सहित कई विशिष्ट व्यक्तित्व शामिल हुए।
इसके अतिरिक्त चार्टर्ड अकाउंटेंट, शिक्षाविद, उद्योगपति तथा जिले के प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और अतिथियों के पुष्पगुच्छ से स्वागत के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत नृत्य, समूह गीत, बंगाली लोकनृत्य, संथाली गीत, थीम डांस, युगल नृत्य और कॉमेडी आधारित समूह नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
एलसीसी के निदेशक राजीव रंजन मुखर्जी ने स्वागत भाषण में संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर प्रकाश डाला।
44 छात्रों को प्लेसमेंट सफलता
कार्यक्रम का एक अहम आकर्षण प्लेसमेंट सक्सेस अचीवर्स- 2025 रहा। जिसमें 44 छात्रों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। यह एलसीसी की व्यावसायिक शिक्षा और रोजगारपरक प्रशिक्षण की सफलता का प्रतीक रहा।
‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ और विशेष पुरस्कार
वार्षिकोत्सव के दौरान जूनियर, सीनियर और सुपीरियर वर्ग के छात्र-छात्राओं को स्टूडेंट ऑफ द ईयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शैक्षणिक प्रदर्शन, टाइपिंग दक्षता और नियमित उपस्थिति के लिए भी विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।
छात्राओं और छात्रों दोनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मंच से प्रमाण पत्र व स्मृति चिह्न प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया।
अतिथियों के प्रेरक संदेश
मुख्य अतिथि निरंजन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में कौशल आधारित शिक्षा समय की आवश्यकता है और एलसीसी जैसे संस्थान युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विशिष्ट अतिथि संतोष कुमार घोष ने विद्यार्थियों से निरंतर सीखते रहने और तकनीक के सकारात्मक उपयोग पर बल दिया।
समापन
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और सामूहिक फिनाले गीत के साथ हुआ। संपूर्ण आयोजन ने न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच दिया, बल्कि शिक्षा, संस्कृति और अनुशासन के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत किया।
NEWSANP के लिए आर पी सिंह की रिपोर्ट

