निरसा(NIRSA): निरसा क्षेत्र के मैथन डैम में डूबने से एक 15 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान आदित्य पासवान के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदित्य अपने कोचिंग क्लास के अन्य छात्रों के साथ मैथन डैम के स्पोर्ट्स साइड पिकनिक मनाने आया था। पिकनिक के दौरान नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना के बाद उसे आनन-फानन में मैथन स्थित डीवीसी के बी.पी. नियोगी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को अस्पताल में रखा गया है।
सूचना मिलने पर मैथन पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
बताया गया है कि आदित्य पासवान धनबाद के मेमको मोड़ स्थित एक निजी स्कूल परिसर में संचालित कोचिंग सेंटर का छात्र था और कोचिंग सेंटर की ओर से ही पिकनिक पर गया था।
NEWSANP के लिए मनोज सिंह की रिपोर्ट

