
जामताड़ा(JAMTADA):उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा रवि आनंद (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में मासिक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों को दिसंबर 2025 तक की विभागवार उपलब्धियों और प्रगति से विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।
प्रेस वार्ता में उपायुक्त ने कहा कि जिले के चहुंमुखी विकास के लिए मूलभूत सुविधाओं के साथ सभी विभागों में बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह संकल्पित है।
स्वास्थ्य से लेकर आवास तक उल्लेखनीय प्रगति
उपायुक्त ने जानकारी दी कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत 56 मरीजों को 2 करोड़ 31 लाख 71 हजार 652 रुपये की सहायता दी गई है। इसके अतिरिक्त 22 मरीजों को 78 लाख 70 हजार रुपये का चिकित्सा अनुदान प्रदान किया गया। संस्थागत प्रसव, आयुष्मान भारत सहित अन्य योजनाओं की प्रगति भी संतोषजनक बताई गई।
आवास योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने बताया कि
- अबुआ आवास योजना के तहत दिसंबर माह में 433 आवास पूर्ण हुए, जबकि अब तक कुल 5575 आवास पूरे किए जा चुके हैं।
- प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत इस माह 112 आवास पूर्ण हुए तथा वर्ष 2016 से अब तक कुल 55,278 आवास पूरे किए गए हैं।
मनरेगा में लक्ष्य से अधिक उपलब्धि
मनरेगा के तहत दिसंबर माह में 53 लाख 75 हजार 787 मानव दिवस सृजित किए गए, जो लक्ष्य का 111.50 प्रतिशत है। इसके साथ ही 1971 योजनाओं को पूर्ण कराया गया।
राजस्व, आपदा और सामाजिक सुरक्षा की स्थिति
राजस्व विभाग के अंतर्गत म्यूटेशन, सुओ-म्यूटेशन, डिमार्केशन और ई-रेवेन्यू कोर्ट से संबंधित उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
आपदा प्रबंधन के तहत सड़क दुर्घटना में 3 मृतकों को 3 लाख रुपये, वज्रपात से मृत 2 पशुओं के लाभुकों को 96 हजार रुपये तथा अतिवृष्टि से प्रभावित 33 लाभुकों को 1 लाख 32 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
मईया सम्मान योजना से महिलाओं को बड़ी राहत
मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना के तहत नवंबर माह तक जिले की 1,54,102 महिलाओं के खाते में डीबीटी के माध्यम से प्रति लाभुक 2500 रुपये की दर से कुल 38 करोड़ 52 लाख 55 हजार रुपये भेजे गए।
वहीं मुख्यमंत्री सर्वजन पेंशन योजना के तहत 1,03,764 लाभुकों को 10 करोड़ 37 लाख 64 हजार रुपये तथा केंद्र प्रायोजित पेंशन योजना के तहत 39,574 लाभुकों को 3 करोड़ 95 लाख 74 हजार रुपये का भुगतान किया गया।
अवैध शराब, पेट्रोल पंप और जन शिकायतों पर सख्ती
उत्पाद विभाग द्वारा नवंबर तक 2591.01 लाख रुपये का राजस्व संग्रहण किया गया। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ 25 दिसंबर तक 185 अभियोग दर्ज किए गए हैं।
जनता दरबार में प्राप्त 1205 आवेदनों में से 970 का निष्पादन किया जा चुका है।
मीडिया के सवालों के जवाब में उपायुक्त ने कहा कि हाइवे किनारे होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में अवैध शराब बिक्री की शिकायतों पर नियमित छापेमारी की जाएगी। पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल की गुणवत्ता एवं मात्रा में कमी की शिकायतों पर भी नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया गया।
अत्यधिक बिजली बिल, सड़क निर्माण में गुणवत्ता, गांधी मैदान के दुरुपयोग जैसे मुद्दों पर भी शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
गोलीबारी की घटना पर अफसोस, पुलिस को पूरा समर्थन
शहर के बीच हाल में हुई गोलीबारी की घटना पर उपायुक्त ने अफसोस जताते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तत्परता से जांच में जुटी है और अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
नववर्ष पर सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश
आगामी नववर्ष एवं त्योहारों को देखते हुए उपायुक्त ने जिले के पर्यटक स्थलों एवं पिकनिक स्पॉटों में बढ़ने वाली भीड़ को लेकर संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
प्रेस वार्ता में जिले के विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के ब्यूरो प्रमुख एवं अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।
NEWSANP के लिए आर पी सिंह की रिपोर्ट

