धनबाद(DHANBAD): नगर निगम के उदासीन और तानाशाही रवैये के खिलाफ अब झरिया विधायक सह जनता श्रमिक संघ की महामंत्री रागनी सिंह भी खुलकर मैदान में उतर आई हैं। उन्होंने ऐलान किया है कि शुक्रवार से धनबाद नगर निगम कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। यह धरना नगर निगम के सफाई कर्मियों की लंबित मांगों और उनके अधिकारों के समर्थन में किया जाएगा।
गौरतलब है कि धनबाद नगर निगम के सफाई कर्मी पिछले चार दिनों से बस स्टैंड परिसर में विभिन्न मांगों को लेकर धरना पर बैठे हुए हैं। सफाई कर्मियों का कहना है कि उन्हें समय पर वेतन, मूलभूत सुविधाएं, सुरक्षा उपकरण और अन्य वैधानिक अधिकार नहीं दिए जा रहे हैं। बार-बार मांग रखने के बावजूद नगर निगम प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
धरना स्थल पर पहुंचकर विधायक रागनी सिंह ने सफाई कर्मियों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया और नगर निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त को स्वयं धरना स्थल पर पहुंचकर सफाई कर्मियों से बातचीत करनी चाहिए थी, लेकिन तानाशाही रवैये के कारण नगर आयुक्त का वहां न पहुंचना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई कर्मियों का हक लगातार मारा जा रहा है और जो सुविधाएं उन्हें मिलनी चाहिए, वह भी नहीं दी जा रही हैं।
रागनी सिंह ने कहा कि सफाई कर्मी शहर की रीढ़ हैं, उनके बिना शहर की स्वच्छता और व्यवस्था की कल्पना नहीं की जा सकती। इसके बावजूद उन्हें उपेक्षित किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक सफाई कर्मियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और नगर निगम कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।
इस ऐलान के बाद नगर निगम प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है। अब देखना यह होगा कि नगर आयुक्त और निगम प्रशासन सफाई कर्मियों की मांगों को लेकर क्या रुख अपनाते हैं और क्या बातचीत के जरिए इस गतिरोध को खत्म किया जा सकेगा या आंदोलन और तेज होगा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

