जामताड़ा(JAMTADA):जामताड़ा जिला गठन के बाद से ही जिले के पत्रकार एक ओर जहां आपसी अंतर्कलह और विभाजन की चुनौतियों से जूझते रहे हैं, वहीं पत्रकारिता का एक बड़ा वर्ग वरिष्ठ साथियों के कथित स्वार्थ की धधकती आग में झुलसता रहा है। ऐसे परिवेश में जामताड़ा प्रेस क्लब का यह चुनाव जिले के पत्रकारों के लिए समानता की पगडंडी को एक सुनहरे लोकतांत्रिक मार्ग में परिवर्तित करने की संभावनाएं जगा रहा है। यह चुनाव न केवल संगठनात्मक पुनर्गठन का अवसर है, बल्कि एक ऐसे ‘अंब्रेला’ की तलाश भी है, जिसके नीचे जामताड़ा की पत्रकारिता बौद्धिक विमर्श के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक मानचित्रों का बेवाक, निर्भीक और निष्पक्ष चित्रण करने का साहस जुटा सके।
इसी पृष्ठभूमि में जामताड़ा प्रेस क्लब चुनाव को लेकर जिलेभर के पत्रकारों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। चुनाव प्रक्रिया के तीसरे दिन विभिन्न पदों के लिए कुल 18 नामांकन फॉर्म की बिक्री हुई, जिससे चुनावी माहौल और अधिक गरमा गया है। तीसरे दिन सचिव पद के लिए धनेश्वर सिंह ने रिटर्निंग पदाधिकारी डीडी भंडारी के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए कुल पांच प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन पत्र जमा किए, जो संगठन के भीतर लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सक्रियता और मजबूती को दर्शाता है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व सचिव पद के लिए आरिफ हुसैन तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए मिथलेश निराला भी नामांकन फॉर्म खरीद चुके हैं। दोनों प्रत्याशी 16 दिसंबर को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे, जिससे सचिव पद का मुकाबला और भी रोचक होने की संभावना है। इधर अध्यक्ष पद के लिए भी चुनावी सरगर्मी तेज होती जा रही है। इस पद के लिए देवाशीष भारती और चंचल गिरी ने नामांकन फॉर्म खरीदकर अपनी दावेदारी पेश की है। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए उज्जवल सिंह ने नामांकन पत्र खरीदा है।
चुनाव संचालन प्रभारी अजय कुमार एवं दीनबंधु राउत ने जानकारी देते हुए बताया कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 दिसंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच एवं नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि 21 दिसंबर को मतदान कराया जाएगा, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चुनाव समिति पूरी तरह मुस्तैद है।
कुल मिलाकर जामताड़ा प्रेस क्लब चुनाव को लेकर जिले के पत्रकारों में खासा उत्साह और उम्मीद का माहौल है। माना जा रहा है कि यह चुनाव न केवल संगठन को नई दिशा देगा, बल्कि पत्रकारों के बीच समरसता, समानता और सामूहिक आत्मसम्मान के भाव को भी मजबूती प्रदान करेगा।
NEWSANP के लिए आर पी सिंह की रिपोर्ट

