कैंसर की रोकथाम में जागरूकता ही सबसे बड़ा उपचार : डॉ. ओ. पी. अग्रवाल…

कैंसर की रोकथाम में जागरूकता ही सबसे बड़ा उपचार : डॉ. ओ. पी. अग्रवाल…

मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा कैंसर जागरूकता पुस्तिका का लोकार्पण

झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा स्तन कैंसर के प्रारम्भिक लक्षणों की पहचान एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार की गई “3 Steps to Early Detection” शीर्षक पुस्तिका का लोकार्पण लाइफ लाइन हॉस्पिटल में एक गरिमामय समारोह के बीच किया गया।

इस अवसर पर अस्पताल के निदेशक डॉ. ओ. पी. अग्रवाल, शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, पुस्तिका के संकलनकर्ता एवं पूर्व अध्यक्ष असीम अग्रवाल, तथा सह-कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से पुस्तिका का अनावरण किया।

डॉ. ओ. पी. अग्रवाल ने कहा कि स्तन कैंसर सहित विभिन्न प्रकार के कैंसर की रोकथाम में जागरूकता ही सबसे बड़ा उपचार है। उन्होंने बताया कि समय पर जांच, स्वयं-परिक्षण और नियमित चिकित्सकीय सलाह से कैंसर के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि “3 Steps to Early Detection” जैसी सरल, उपयोगी और वैज्ञानिक पुस्तिका महिलाओं को सही जानकारी प्रदान करते हुए उन्हें स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग बनाएगी। उन्होंने मारवाड़ी युवा मंच की इस पहल को समाज हित में अत्यंत प्रशंसनीय बताया।

पुस्तिका के संकलनकर्ता असीम अग्रवाल ने कहा कि यह प्रकाशन महिलाओं को प्रारम्भिक लक्षणों की पहचान, स्वयं-परिक्षण के तरीके और आवश्यक चिकित्सकीय जांच के महत्व को सरल भाषा में समझाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पुस्तिका अनेक परिवारों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।

शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा ने कहा कि मंच निरंतर स्वास्थ्य-जागरूकता एवं सामाजिक सेवा के विभिन्न अभियानों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए कार्यरत है। यह पुस्तिका उसी श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण कदम है।

समारोह के अंत में सभी उपस्थितजन ने संकल्प लिया कि इस पुस्तिका के माध्यम से व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा।

NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *