धनबाद(DHANBAD):धनबाद के केंदुआडीह थाना क्षेत्र में जहरीली गैस का खतरा लगातार गंभीर होता जा रहा है। गैस के प्रभाव से अब तक दो महिलाओं की मौत हो चुकी है, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव फैल गया है। बीती शाम प्रियंका देवी की मौत हुई थी, वहीं आज ललिता देवी ने भी दम तोड़ दिया। हालांकि दोनों महिलाओं की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इन घटनाओं के विरोध गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने धनबाद–रांची मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लोगों ने टायर जलाकर जिला प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। उनका कहना है कि जब तक सुरक्षित पुनर्वास नहीं दिया जाता और जहरीली गैस के स्रोत को चिह्नित कर बंद नहीं किया जाता, तब तक जाम जारी रहेगा। वहीं लगभग4 घंटे के बाद प्रशासन और ग्रामीणों में हुई वार्ता के बाद सड़क जाम समाप्त कर दिया गया है।
स्थानीय निवासी प्रदीप कुमार ठाकुर ने बताया कि मृत महिला की तबीयत अचानक बिगड़ी और मुंह से झाग निकलने लगा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने बताया कि मौत गैस के प्रभाव और सांस रुकने से हुई हो सकती है। उनके अनुसार अब तक लगभग 15–20 लोग बीमार हैं, और यदि गैस रिसाव नहीं रुका तो स्थिति और बिगड़ सकती है।
वहीं शेख मोहम्मद ने प्रशासन पर ठोस व्यवस्था न करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि वर्षों से सिर्फ नोटिस दिया जा रहा है, लेकिन वैकल्पिक जगह नहीं मुहैया कराई गई। गैस पूरे इलाके में फैल चुकी है और लोग लगातार बीमार पड़ रहे हैं।
पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने भी प्रबंधन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बीसीसीएल ने कई जगहों को असुरक्षित घोषित किया, लेकिन रहने के लिए उपयुक्त विकल्प उपलब्ध नहीं कराया। उन्होंने डीजीएमएस, सीआईएमएफआर और आईएसएम जैसे विशेषज्ञ संस्थानों की बैठक बुलाकर तत्काल समाधान निकालने की मांग की।
दहशत का आलम यह है कि कई परिवार अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर चले गए हैं। बीसीसीएल की टीम माइक से लगातार लोगों को स्थानांतरण की अपील कर रही है। गैस का असर राजपूत बस्ती, मस्जिद मोहल्ला, ऑफिसर कॉलोनी सहित करीब दस हजार आबादी वाले इलाके में महसूस किया जा रहा है।
बीसीसीएल पीबी एरिया के जीएम जी. साहा ने बताया कि गैस के चपेट में लोग न आएं, इसके लिए दो टेंट बनाकर लोगों को शिफ्ट किया जा रहा है। उनका कहना है कि यह इलाका अग्नि प्रभावित है और वर्षों पहले इसे असुरक्षित घोषित किया गया था, लेकिन लोग यहां से हटे नहीं। उन्होंने कहा कि समस्या का स्थायी समाधान तभी संभव है, जब पहले पूरे क्षेत्र को खाली कराया जाए।
पुटकी सीओ आनंद कुमार ने बताया कि डीजीएमएस की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और गैस को बंद करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने लोगों से सहयोग करने की अपील की, ताकि जल्द राहत मिल सके। मौत के कारण पर उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। प्रशासन लोगों की सभी मांगों को नोट कर रहा है और जल्द बैठक कर समाधान निकाला जाएगा।
मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है, जो इलाके के लोगों का स्वास्थ्य जांच कर उनके उचित इलाज की व्यवस्था करने में जुटी है।
वहीं केंदुआडीह थाना के प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि अब तक गैस से 2 लोगों की मौत हो चुकी है, आगे और जान-माल का नुकसान न हो इसके लिए कार्रवाई की जा रही है, साथ ही आक्रोशित लोगों को शांत करा सड़क जाम समाप्त कर लिया गया है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

