बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह एक नए विवाद में घिर गए हैं। बेंगलुरु के एक वकील ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि रणवीर ने फिल्म कंतारा में दिखाई गई पवित्र दैव (भूत कोला) परंपरा का मजाक उड़ाकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई।
शिकायत बेंगलुरु पुलिस स्टेशन में दर्ज
हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अभी तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई है, लेकिन शिकायत की जांच जारी है। वकील प्रशांत मेथल की शिकायत में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और खबरों का हवाला दिया गया है।
IFFI 2024 के मंच पर हुई कथित घटना
शिकायत के अनुसार, 28 नवंबर को गोवा में हुए इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के समापन समारोह में रणवीर सिंह ने कंतारा चैप्टर 1 के दैव सीक्वेंस की नकल की। दावा है कि यह नकल मजाकिया अंदाज में की गई, जिससे तुलु समुदाय और हिंदू धर्म के अनुयायियों की भावनाएं आहत हुईं।
शिकायत में क्या लिखा गया है
शिकायतकर्ता का कहना है कि रणवीर का यह व्यवहार “गैरकानूनी और अपमानजनक” है। उन्होंने लिखा—
“इससे मेरी और लाखों हिंदुओं, खासकर तुलु भाषी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।”
एफआईआर दर्ज करने की मांग
वकील ने रणवीर सिंह के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने, दैव परंपरा का अपमान करने और हिंदू मान्यताओं का मजाक उड़ाने के आरोप में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
रणवीर हुए ट्रोल, सोशल मीडिया पर विवाद तेज
इवेंट के दौरान रणवीर की मुलाकात कंतारा अभिनेता-निर्देशक ऋषभ शेट्टी से भी हुई थी। स्टेज पर उन्होंने दैव सीन की नकल उतारी, जिसे कई लोगों ने मजाक मानकर गलत बताया। इसके बाद सोशल मीडिया पर रणवीर को जमकर ट्रोल किया गया।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

