
धनबाद( DHANBAD ): रेलवे की लापरवाही ने एक बार फिर हज़ारों युवाओं के सपनों को गहरा झटका दिया है। धनबाद–भुवनेश्वर स्पेशल ट्रेन के घंटों तक विलंब से चलने के कारण बड़ी संख्या में परीक्षार्थी अपने परीक्षा केंद्र समय पर नहीं पहुँचे और उन्हें रेलवे रिक्रूटमेंट बोर्ड (RRB) की ग्रुप-D परीक्षा से वंचित होना पड़ा।
अभ्यर्थियों ने बताया कि वे शाम 4 बजे ही धनबाद स्टेशन पहुँच गए थे, लेकिन ट्रेन के न आने पर जब उन्होंने पूछताछ केंद्र में जानकारी ली, तो बताया गया कि ट्रेन शाम 6:30 बजे खुलेगी। इसके बावजूद ट्रेन शाम 7:25 बजे धनबाद से रवाना हुई। इस दौरान परीक्षार्थी स्टेशन पर परेशान और चिंतित खड़े रहे, लेकिन ट्रेन के समय में सुधार नहीं हुआ।
कई छात्रों का कहना है कि वे पूरी तैयारी के साथ निकले थे, पर रेलवे की सुस्त संचालन व्यवस्था ने उनकी वर्षों की मेहनत पर पानी फेर दिया।
परीक्षार्थियों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। उनका सवाल है— जब परीक्षा का शेड्यूल पहले से तय था, तो समय पर ट्रेन संचालन की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या छात्रों के करियर की कीमत पर व्यवस्था यूँ ही लड़खड़ाती रहेगी?”
छात्रों ने रेलवे की इस गंभीर लापरवाही की निंदा करते हुए जवाबदेही तय करने, प्रभावित छात्रों के लिए वैकल्पिक अवसर तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि यह सिर्फ एक परीक्षा नहीं थी—
यह उनका भविष्य था, जो ट्रेन की देरी की भेंट चढ़ गया।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

