पाकुड़(PAKUD): पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के बागान पाड़ा में स्थित विष्णु कुमार अग्रवाल के घर में देर रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार से घटना की विस्तृत जानकारी ली।
घटना के समय अग्रवाल परिवार अपनी बेटी की शादी के सिलसिले में 29 नवंबर को पश्चिम बंगाल के आसनसोल गया हुआ था। घर बंद रहने का फायदा उठाकर चोर पहले बाहर की बाउंड्री फांदकर अंदर घुसे और फिर मुख्य दरवाजे को काटकर घर में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने अलमारी आदि खंगालकर बड़ी मात्रा में जेवरात और नकदी ले ली।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने सहित अन्य पहलुओं पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
NEWSANP के लिए पाकुड़ से जयदेव कुमार की रिपोर्ट

