
गोविन्दपुर–साहेबगंज मुख्य मार्ग पर रात में चली हाई-प्रोफाइल कार्रवाई, 25 लाख से अधिक का माल जब्त
जामताड़ा(JAMTADA):नारायणपुर थाना क्षेत्र में जामताड़ा पुलिस ने सोमवार रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अवैध नकली विदेशी शराब से लदे एक DCM वाहन सहित तीन चारपहिया वाहनों को जब्त किया। पुलिस ने इस दौरान अवैध शराब और स्पिरिट की तस्करी में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जामताड़ा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसके बाद इलाके में विशेष टीम का गठन कर रात में ही छापेमारी अभियान चलाया गया।
कैसे पकड़ा गया तस्करी का नेटवर्क
एसपी जामताड़ा को सूचना मिली थी कि गोविन्दपुर की ओर से एक DCM वाहन (WB-51C-5752) भारी मात्रा में अवैध नकली विदेशी शराब लेकर पाण्डेयडीह मोड़ होते हुए बिहार की ओर जा रहा है। जानकारी यह भी थी कि दो अन्य वाहन इसका स्कॉर्ट कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने रात करीब 10 बजे पाण्डेयडीह मोड़ पर चेकिंग अभियान चलाया, जिसके दौरान संदिग्ध वाहन पकड़े गए।
वाहनों से मिला भारी जखीरा
जाँच के दौरान DCM वाहन और दो स्कॉर्ट कारों से पुलिस ने जो सामग्री बरामद की, उसने पूरे गिरोह की व्यापकता का खुलासा कर दिया—
- 210 पेटी ROYAL STAGE ब्रांड की नकली विदेशी शराब
- 78 गैलन में भरी 3120 लीटर स्पिरिट
- दो स्कॉर्ट वाहन— Hyundai Aura (JH09-AW-1734) और Maruti Swift (JH10-DC-4782)
- अतिरिक्त 15 पेटी नकली शराब स्कॉर्ट वाहनों से बरामद
- कुरकुरे जैसे पदार्थ से भरी 50 बोरी, जिसका इस्तेमाल शराब छुपाने में किया गया था
- 07 मोबाइल फोन, विभिन्न पहचान पत्र और ₹33,000 नकद
बरामद अवैध शराब और स्पिरिट की अनुमानित कीमत ₹15,95,400 आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने चारों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान इस प्रकार है—
- दारा सिंह, चालक – DCM गाड़ी WB-51C-5752, ग्राम हलकटा, थाना पूर्वी टुंडी, धनबाद
- चन्दर मंडल उर्फ चन्द्रदेव मंडल, साकिन – करमाटांड़, थाना मनियाडीह, धनबाद
- मो. रहीम अंसारी, चालक – Hyundai Aura, ग्राम आमझर, थाना बलियापुर, धनबाद
- संतोष पासवान, चालक – Maruti Swift, साकिन हीरापुर, माडा कॉलोनी, धनबाद
आरोपियों के खिलाफ नारायणपुर थाना कांड संख्या 132/25 के तहत BNS की धाराएँ 286, 292, 293, 274, 275, 338, 336(3), 340(2), 11(2)BNS 2023 तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a)/47(d) में मामला दर्ज किया गया है।
विशेष टीम ने दी सफलता को अंजाम
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री विकास आनंद लागुरी के नेतृत्व में एक मजबूत टीम तैनात थी, जिसमें शामिल थे—
पुलिस निरीक्षक रविंद्र नाथ यादव, पु.अ.नि. साकेत प्रताप देव, पु.अ.नि. अमर सिंह तापेय, स.अ.नि. रामकुमार सिंह, तकनीकी शाखा के संतोष कुमार सिंह, तथा नारायणपुर थाना के अन्य जवान।
SP बोले— तस्करी पर सख्त निगरानी जारी रहेगी
पुलिस अधीक्षक जामताड़ा ने कहा कि अवैध शराब व स्पिरिट तस्करी गिरोहों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिले में ऐसे अवैध कारोबार को किसी भी हाल में सफल नहीं होने दिया जाएगा। आने वाले दिनों में लगातार अभियान चलाया जाएगा।
NEWSANP के लिए जामताड़ा से आर पी सिंह की रिपोर्ट

