बार बेंदिया नदी में डूबने से युवक की मौत, दोस्त बचाने के बजाय भागे, परिवार में मचा कोहराम….

बार बेंदिया नदी में डूबने से युवक की मौत, दोस्त बचाने के बजाय भागे, परिवार में मचा कोहराम….

धनबाद(DHANBAD):धनबाद के निरसा क्षेत्र के बार बेंदिया नदी घाट पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहाँ नहाने के दौरान लगभग 35 वर्षीय युवक धनु रवानी की डूबने से मौत हो गई। जिसका शव सोमवार को गोताखोरों की मदद से नदी से बाहर निकाला गया।

​जानकारी के अनुसार मृतक धनु रवानी रविवार सुबह अपने कुछ दोस्तों के साथ नदी घाट पर पार्टी करने पहुंचा था, बताया जा रहा है कि लगभग 10:30 बजे नहाने के क्रम में धनु गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

​इस घटना का सबसे चौंकाने वाला और दुर्भाग्यपूर्ण पहलू यह रहा कि साथ आए उनके दोस्तों ने उसे बचाने की कोई कोशिश नहीं की, बल्कि सभी मौके से भाग निकले। वे इतना घबराए हुए थे कि खाने-पीने की सामग्री भी वहीं छोड़कर फरार हो गए और तो और उन्होंने घटना की सूचना देना भी धनु के परिवार को उचित नहीं समझा। ​धनु के डूबने की खबर किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से उनके परिवार तक पहुँची।

इसके बाद मृतक की पत्नी तुलसी रवानी ने एमपीएल ओपी पहुँचकर प्रभारी सुमन कुमारी को इस संबंध में लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की, लेकिन दिन डूबने और अंधेरा छा जाने के कारण रविवार को खोज अभियान सफल नहीं हो पाया। सोमवार सुबह पुलिस टीम ने बार बेंदिया नदी घाट पर दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार करीब 11:30 बजे धनु रवानी का शव नदी से बरामद कर लिया गया।

​इस दुखद घटना के बाद धनु के परिवार में कोहराम मच गया है। उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। धनु रवानी अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं।​ स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस पूरे मामले की गहन जाँच कराने और घटना के समय मौके से भागने वाले दोषी दोस्तों के खिलाफ आवश्यक और सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

NEWSANP के लिए कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *