
मारवाड़ी युवा मंच द्वारा “जंक फूड मुक्त बचपन” विशेष जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न

झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा एवं झरिया समृद्धि शाखा द्वारा बच्चों में स्वस्थ भोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु “Say NO to Junk Food — Choose Healthy Food” विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम यशोमती विद्या निकेतन, झरिया में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक नाटक, फैंसी ड्रेस शो और नृत्य प्रस्तुतियाँ दीं। नाटक के माध्यम से बच्चों ने जंक फूड के दुष्प्रभावों व स्वस्थ भोजन के महत्व को मनोरंजक ढंग से प्रस्तुत किया। फैंसी ड्रेस में फल, सब्ज़ियाँ, दूध, दही आदि के रूप में सजे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया, जबकि रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया।
इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को जंक फूड से होने वाले नुक़सान और पौष्टिक आहार के लाभों के बारे में सरल, प्रभावी और मनोरंजक तरीके से जानकारी देना था। संवादात्मक सत्रों, पोस्टरों, कार्टून कैरेक्टर्स और गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को संतुलित आहार, फल, सब्ज़ियों और स्वच्छ पानी के महत्व के बारे में समझाया गया।
विद्यालय की प्राचार्या गीताली सिन्हा और सभी शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ, जिनके मार्गदर्शन और सहभागिता से कार्यक्रम अत्यंत सफल और सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सका।
कार्यक्रम में झरिया शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, सचिव दीपक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष किरण शर्मा, संयुक्त सचिव सनी अग्रवाल तथा समृद्धि शाखा अध्यक्ष जया अग्रवाल और सचिव निशा अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक अन्नू अग्रवाल, नूपुर अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी पदाधिकारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और विद्यालय प्रबंधन के सहयोग के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।
सभी बच्चों ने संकल्प लिया कि वे अपने दैनिक जीवन में जंक फूड से दूरी बनाकर पौष्टिक भोजन को अपनाएँगे।
कार्यक्रम अत्यंत सफल, आकर्षक और प्रभावशील रहा तथा बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की स्पष्ट सकारात्मक झलक देखने को मिली।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

