धनबाद(DHANBAD): धनबाद के BCCL दीक्षा महिला मंडल ने आज बुधवार को पलानी पंचायत के अंतर्गत बेलगढ़िया पुनर्वास टाउनशिप में एक महत्वपूर्ण सामाजिक सहायता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत महिला मंडल ने पुनर्वास क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की चार युवतियों को उनके वैवाहिक जीवन हेतु आवश्यक उपयोगी वस्तुएँ (जैसे अलमारी, बर्तन, वस्त्र आदि) उपहारस्वरूप भेंट किया। इस दौरान महिला मंडल द्वारा क्षेत्र के दो दिव्यांगजनों के बीच इलेक्ट्रिक ट्राई-साइकिल का भी वितरण किया गया, जिससे वे अपने जीवन में आत्मनिर्भरता और गतिशीलता के साथ आगे बढ़ सकें।
अवसर पर दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्षा अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्ष पूर्बिता रमैया सहित समिति की सभी सम्मानित सदस्याएँ उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में अर्चना अग्रवाल ने कहा कि दीक्षा महिला मंडल सदैव समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के सहयोग के लिए तत्पर रहा है। संगठन का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के लोगों के जीवन में स्वाबलंबन और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना है। उन्होंनें कहा कि ऐसी पहलें समाज में सकारात्मक परिवर्तन और मानवीय संवेदनाओं के प्रसार का माध्यम बनती हैं। महिला मंडल निरंतर सामाजिक कल्याण की दिशा में योगदान देता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल और समिति सदस्माओं ने लाभार्थी युवतियों के परिजनों से भी संवाद किया तथा सभी के सफल एवं सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम के अंत में समिति सदस्यों ने बीसीसीएल के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत पुनर्वास क्षेत्र में संचालित बहु-कौशल विकास संस्थान-1 (मल्ट्री स्किल डेवलपमेंट इंस्टिट्यूट 1) का भी भ्रमण किया। सदस्यों ने यहाँ माइन इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों से बातचीत की तथा प्रशिक्षणार्थियों को प्रेरणास्पद एवं उत्साहवर्धक सुझाव प्रदान किए।
कार्यक्रम का समापन समाज में सहयोग, समानता, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की भावना को प्रोत्साहित करने के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।
NEWS ANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट..

