सिंदरी(SINDRI):डीएवी पब्लिक स्कूल सिंदरी, धनबाद में आज बड़े ही गरिमामय वातावरण में संविधान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना और संविधान की उद्देशिका के सामूहिक वाचन से हुई। इस विशेष अवसर पर विद्यालय के छात्रों ने संविधान के महत्व और भारतीय गणतंत्र की मूल भावना पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में कक्षा 10 ‘C’ की छात्रा श्यामली और शाल्वी ने प्रभावशाली भाषण दिया। दोनों छात्राओं ने संविधान की भूमिका, नागरिकों के अधिकार–कर्तव्यों तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान पर अपने सारगर्भित विचार रखे। उनके भाषणों को उपस्थित छात्रों एवं शिक्षकों ने खूब सराहा।
विज्ञान शिक्षक प्रजेश चौबे ने संविधान के वैज्ञानिक दृष्टिकोण और आधुनिक भारत के निर्माण में उसके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संविधान भारतीय लोकतंत्र की रीढ़ है, जो समानता, स्वतंत्रता और न्याय को सुनिश्चित करता है।
इस कार्यक्रम का सफल संचालन सामाजिक विज्ञान शिक्षक अजय कृष्ण मोहन तथा अनुप कुमार मंडल ने किया। दोनों ने छात्र-छात्राओं को संविधान के प्रति जागरूक बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार सिंह ने अपने प्रेरणादायी विचार साझा किए। उन्होंने कहा—
“भारत का संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि हमारे देश की आत्मा है। यह हमें सही दिशा, सोच और मूल्य प्रदान करता है। विद्यार्थियों का कर्तव्य है कि वे इसके सिद्धांतों को समझें, आत्मसात करें और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।”
प्राचार्य ने छात्रों को संविधान के अध्यायों, मूल कर्तव्यों तथा मौलिक अधिकारों के अध्ययन के लिए प्रेरित किया और कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी शिक्षकों व विद्यार्थियों को बधाई दी।
NEWSANP के लिए भोला बाउरी की रिपोर्ट

