धनबाद में जाम का संकट गहराया, बस स्टैंड को पूजा टॉकीज से संचालित करने के आदेश पर बस संचालकों ने जताया एतराज…

धनबाद में जाम का संकट गहराया, बस स्टैंड को पूजा टॉकीज से संचालित करने के आदेश पर बस संचालकों ने जताया एतराज…

धनबाद(DHANBAD): धनबाद में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या को कम करने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए बस स्टैंड के संचालन स्थल में बदलाव का निर्देश जारी किया है। आदेश के अनुसार अब बस स्टैंड का संचालन पूजा टॉकीज के समीप से किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि बस संचालकों ने इस फैसले पर कड़ा एतराज जताते हुए बस स्टैंड को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की है। वही इस आदेश के बाद बस संचालकों का कहना है कि उन्हें अखबारों के माध्यम से इस निर्णय की जानकारी मिली है, जबकि न तो उनसे कोई राय-मशविरा किया गया और न ही किसी प्रकार की आधिकारिक बैठक बुलाई गई। उनका तर्क है कि पूजा टॉकीज क्षेत्र पहले से ही भीड़-भाड़ वाला इलाका है और वहां बस स्टैंड संचालित करना यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए और अधिक परेशानी बढ़ा सकता है।
उधर, शहर में ट्रैफिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में बैंक मोड़ फ्लाईओवर की मरम्मत जारी है, जबकि बरमसिया फ्लाईओवर भी मरम्मत कार्य के कारण बंद है। इन दोनों बड़े मार्गों के बंद होने से शहर का वाहन भार वैकल्पिक सड़कों पर बढ़ गया है। इसी बीच वर्षों से लंबित गया पुल के समानांतर अंडरपास निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है, जिसके चलते शहर के मुख्य मार्गों पर प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही है।प्रशासन का मानना है कि बस स्टैंड को स्थानांतरित करने से गया पुल और फ्लाईओवर निर्माण कार्य से प्रभावित इलाकों में जाम का दबाव कुछ हद तक कम किया जा सकेगा। लेकिन बस संचालक इस निर्णय को अव्यवहारिक बताते हुए किसी अन्य खुले और सुविधाजनक स्थल के चयन की मांग पर अड़े हुए हैं।

फिलहाल बस संचालकों और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में देखना यह होगा कि शहरवासियों की सुविधा और ट्रैफिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन अगला कदम क्या उठाता है।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *